जमशेदपुर। केंद्रीय बजट 2023-24 पर टाटा स्टील के सीईओ सह एमडी टीवी नरेंद्रन ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वित्त मंत्री ने एक बेहतरीन बजट पेश किया है और जो बुनियादी संरचना के निर्माण के लिए पूंजीगत व्यय को बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करता है। मगर वित्तीय अनुशासन पर कोई समझौता नहीं करता है,जो बढ़ती ब्याज दरों के युग में बहुत ही आवश्यक है। वित्त मंत्री ने कृषि क्षेत्र और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को समर्थन देने के लिए कई कदम उठाए हैं। साथ ही स्वास्थ्य संबंधी व्यय पर ध्यान, अनियोजित चिकित्सा व्यय के बारे में समाज के वंचित वर्गों की चिंताओं को भी दूर करता है। वहीं रेलवे में महत्वपूर्ण निवेश के साथ-साथ तटीय नौवहन पर प्रस्तावित कार्य के साथ लॉजिस्टिक्स पर भी अधिक ध्यान दिया जा रहा है।बजट दीर्घकालीन होने के साथ साथ हरित भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बदलाव की दिशा में संसाधन भी प्रदान करता है। पर्यटन क्षेत्र और एमएसएमई को समर्थन की बहुत आवश्यकता थी,क्योंकि इन क्षेत्रों को कोविड के दौरान सबसे अधिक नुकसान उठाना पड़ा। कुल मिलाकर यह एक बहुत ही व्यापक बजट है और जिसमें सभी के लिए कुछ न कुछ है।





