धनबाद।कतरास की राजस्थानी धर्मशाला के पास सिंह जी चाय की दुकान पर बैठे चर्चित निरसा गांजाकांड का आरोपी नीरज तिवारी, अमन गिरोह का रौनक गुप्ता और रोहित गुप्ता पर मोटर साइकिल सवार दो बदमशों ने गुरुवार की रात ताबड़तोड़ फायरिंग की।बदमशों कि ताबड़तोड़ फायरिंग में नीरज तिवारी की मौत हो गई।घायल रौनक और रोहित का इलाज चल रहा है।इस फायरिंग में शूटर अमन सिंह का हाथ बताया जा रहा है।



पुलिस को सूचना मिली है कि अमन गिरोह के आशीष रंजन उर्फ छोटू ने अन्य हमलावरों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया है।तीनों सिंह जी की चाय दुकान पर सिगरेट पीने पहुंचे थे। इसी बीच रात करीब आठ बजे मोटर साइकिल से दो हमलावर मौके पर पहुंचे और ताबड़तोड़ 15-20 राउंड फायरिंग की और भाग गए।हमलावरों ने नीरज तिवारी पर निशाना साध कर फायरिंग की।

गोलीबारी में साथ में खड़े नीरज तिवारी के पुराने मित्र व हाल के दिनों में अमन सिंह गिरोह के लिए काम कर रहे रौनक गुप्ता और रोहित गुप्ता को भी गोली लगी। दोनों के हाथ और पांव में गोली लगी है। रौनक गुप्ता का इलाज असर्फी अस्पताल में चल रहा है जबकि रोहित गुप्ता के हाथ में गोली लगी है और निचितपुर नर्सिंग होम में ही डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं।



पुलिस ने घटनास्थल से छह खोखे बरामद किए हैं। गोली लगने के बाद नीरज तिवारी को गंभीर हालत में असर्फी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर घटनास्थल पर कतरास पुलिस पहुंची जबकि बाघमारा एसडीपीओ निशा मुर्मू और एएसपी लॉ एंड आर्डर मनोज स्वर्गियारी असर्फी अस्पताल पहुंचे। बाद में कतरास थाना प्रभारी रास बिहारी लाल और धनबाद इंस्पेक्टर विनय कुमार भी असर्फी अस्पताल पहुंचे।



पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए घायल रोहित गुप्ता ने बताया कि तीनों ने पहले बस स्टाप पर साथ में शराब पार्टी की। आधा घंटा पहले ही नीरज तिवारी काको से वहां पहुंचा था। शराब पीने के बाद वे लोग चाय दुकान में सिगरेट पीने पहुंचे थे। इसी दौरान एक बाइक पर बैठे दो अपराधी वहां आ धमके। दोनों अचानक नीरज तिवारी के साथ गाली-गलौज करने लगे।जब तक हम लोग कुछ समझ पाते अपराधी गोली चलाने लगे। नीरज तिवारी और रौनक गुप्ता बैठे हुए थे जबकि वह खड़ा था। गोली चलने के दौरान वह भागने लगा, जिससे उसके हाथ में गोली लगी। बाइक सवार अपराधी सब्जी पट्टी की तरफ से आए और फायरिंग के बाद कतरास-राजगंज रोड की तरफ भाग गए।

धनबाद के एसएसपी संजीव कुमार ने कहा, 'पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। जल्द अपराधी पकड़े जाएंगे। हमलावरों की तलाश की जा रही है।'