प्रतिनिधि,जमशेदपुर। बीते दिनों बर्मामाइंस थाना अंतर्गत रेलवे साइडिंग में वर्चस्व को लेकर भोला पांडेय पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने फरार चल रहे तीन आरोपियों को उड़ीसा जाजपुर से गिरफ्तार किया है। जिसमें बर्मामाइंस कैरेज कॉलोनी पहाड़ी मंदिर के पास रहने वाला अजीत गुप्ता, कैरेज कॉलोनी संतोषी मंदिर के पास रहने वाला पवन मंडल और बागबेड़ा रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी शिव मंदिर के पास रहने वाला आयुश दास शामिल है। साथ ही पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।





मामले का खुलासा सोमवार एसपी सिटी के. विजय शंकर ने पुलिस ऑफिस में आयोजित प्रेसवार्ता में किया।प्रेसवार्ता में एएसपी शुभांशु जैन भी मौजूद थे। वार्ता में एसपी सिटी ने कहा कि तीनों आरोपियों में से एक का गांव उड़ीसा जाजपुर औरंगाबाद बलिराम चंद्रपुर थाना क्षेत्र में पड़ता है। इसी गांव में घटना के बाद से तीनों छुपे हुए थे। वहीं गुप्त सूचना पाकर पुलिस ने तीनों आरोपियों को छापेमारी कर रविवार की देर रात्रि गिरफ्तार कर लिया। रेलवे साइडिंग में लेबर सप्लाई को लेकर दो गिरोह के बीच तनातनी हो गई थी और जिसके बाद ही फायरिंग की घटना घटी है। छापेमारी दल में बर्मामाइंस थाना प्रभारी अजय कुमार, एसआई राजेंद्र सिंकु, मनोहर कुमार मठपति, एएसआई विजय कुमार, संजय कुमार यादव, आरक्षी विनय पांडेय. शशि शेखर, गोसार बरजो, मनी कुमार समेत सशस्त्र पुलिस बल शामिल थी।