प्रतिनिधि,जमशेदपुर।बागबेड़ा थाना अंतर्गत डीबी रोड चौक में रविवार की देर रात्रि लगभग 12.30 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को रौंद दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।कार में चार युवक सवार थे,जिसमें से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।मृतक 40 वर्षीय छोटू सिंह बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर 1 का रहने वाला था। साथ ही घटना में पिंटू, टुन्ना और मंटू गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी बागबेड़ा कॉलोनी के रहने वाले हैं। घटना के वक्त सभी पूजा अर्चना कर देवघर से लौट रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी एक कार पर सवार होकर 17 फरवरी को देवघर गए थे। जिसके बाद रविवार की दोपहर 1:30 बजे वे तारा पीठ में थे। इस दौरान दोस्तों से मृतक की बात भी हुई थी।महाशिवरात्री की पूजा करने के बाद सभी रविवार को वापस लौट रहे थे। वहीं देर रात्रि बागबेड़ा डीबी रोड में सामने से आ रहे ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। कार पिंटू चला रहा था। जबकि छोटू उसके बगल में बैठा था। वहीं मंटू और टुन्ना पीछे बैठे थे। घटना के बाद चीख-पूकार मच गई। इस दौरान चालक भी ट्रक छोड़कर फरार हो गया।सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां से सभी को टीएमएच रेफर कर दिया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच कर छोटू को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में रात के अंधेरे में भारी वाहन चलाए जाने को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है। फिलहाल पुलिस ट्रक को जब्त कर चालक का पता लगाने की कोशिश कर रही है।





