प्रतिनिधि,गिरिडीह। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत पहाड़ीडीह में रविवार की सुबह एक व्यक्ति की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। मृतक राजेंद्र यादव उत्तर प्रदेश के गोरखपुर का रहने वाला था और गिरिडीह शहर के मुस्लिम बाजार स्थित भारत फर्नीचर में कारपेंटर के रूप में काम किया करता था। कामगार की मौत को भारत फर्नीचर शोरूम के मालिक मोहम्मद नवाब ने हार्टअटैक बताया। तो दूसरी ओर शोरूम मालिक नवाब की सुर में सुर मिलाते हुए मुफ्फसिल थाना के एएसआई सत्येंद्र पासवान ने मामले को सामान्य मौत बता दिया। जबकि कर्मी की मौत के बाद उसके शव का पोस्टमार्टम तक हुआ और पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर ने कहा कि सिर पर कुछ गहरे जख्म के निशान मिले। जख्म देख कर लग रहा है कि मृतक के सिर पर किसी भारी वस्तु से चोट लगी है।उक्त कर्मी की संदिग्ध मौत के मामले में शोरूम मालिक नवाब पर जहां सवाल उठ रहे है, तो थाना के एएसआई सत्तेंदर पासवान भी इस मामले में सवालो के घेरे में हैं।





जानकारी के अनुसार मृतक कामगार राजेंद्र यादव पिछले कई सालों से शहर के भारत फर्नीचर में काम करता था। मृतक के साथ गोरखपुर के उसके साथ विष्णु यादव भी काम करता था,लेकिन उसका साथी विष्णु यादव नही बता पा रहा है कि उसके साथी की मौत कैसे हुई।बताया कि शनिवार को वह सोने चला गया था। जबकि रविवार को उसके मौत की जानकारी शोरूम मालिक से मिली और उसका शव बाथरूम में पाया गया।फिलहाल मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।