झारखंड।सोमवार को गुमला में एक परिवार पर विजली ने कहर ढा दिया। बसिया के जकजोर गांव में बिजली गिरने से एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई। चार लोग बुरी तरह से झुलस गये।मरने वाले पिता-पुत्री थे।दुधमुंहा बच्चे समेत चार लोग घायल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जकजोर निवासी दुर्गा सिंह अपने परिवार के 6 सदस्यों के साथ जिसमें 42 वर्षीय पत्नी समुद्री देवी, 18 वर्षीय बेटी पुष्पा कुमारी, 8 वर्षीय बेटी भारती कुमारी, 5 वर्षीय बेटी बीनी कुमारी और दुधमुंहे बेटे के साथ खेत में काम कर रहे थे।इसी दौरान तेज बारिश शुरू होने लगी। बारिश से बचने के लिए परिवार के सभी लोग खेतों के मेढ़ के पास पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान पेड़ पर बिजली गिरी। इससे पिता दुर्गा सिंह और पुत्री पुष्पा कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से पूरे परिवार को बसिया रेफरल अस्पताल ले जाया गया जहां डाँक्टरों ने पिता और पुत्री को मृत घोषित कर दिया। बाकी चार घायलों का इलाज जारी है।चारों की हालत गंभीर बताई जा रही है।बिजली गिरने की इस घटना के बाद बसिया बीडीओ रवींद्र कुमार गुप्ता अस्पताल पहुंचकर मृतकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की और घायलों के इलाज के लिए बेहतर व्यवस्था का भरोसा दिलाया।





