प्रतिनिधि,जमशेदपुर।बिष्टुपुर थाना अंतर्गत कोल्ड स्टोरेज के पीछे टी आर टाइप क्वार्टर के पास से मंगलवार की दोपहर टाटा स्टील द्वारा अपने सुरक्षाकर्मियों के सहयोग से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान बुलडोजर ने एक-एक कर सभी अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। यहां लगभग 100 झोपड़ियां हैं। वहीं टाटा स्टील के सुरक्षाकर्मी जब बुलडोजर के साथ उक्त स्थल पर पहुंचे तो हंगामा मच गया।
इस दौरान महिलाएं अभियान का विरोध करने लगी। मगर टाटा स्टील ने उनकी एक न सुनी और बुलडोजर की मदद से निर्माण को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान बस्ती वासियों ने टाटा स्टील के कर्मियों पर मारपीट का आरोप भी लगाया है। वहीं बस्ती वासियों ने कहा कि वे लोग जब अतिक्रमण हटाए जाने का विरोध कर रहे थे तो उनके साथ मारपीट की गई। जिसपर आपत्ति जताते हुए बिष्टुपुर मुखी समाज के अध्यक्ष चेतन चौसा मुखी ने मामले की शिकायत जिला प्रशासन और मुख्य सचिव से की है। जबकि उक्त स्थल से अतिक्रमण हटाने की जानकारी पहले से ही कंपनी द्वारा दे दी गई थी। जिसको लेकर बस्ती वासियों ने इसके विरोध में डीसी ऑफिस पर प्रदर्शन भी किया था। उनका कहना है कि लगभग 70-80 सालों से वे लोग झोपड़ी बनाकर यहां रह रहे हैं। अगर यह टाटा स्टील की जमीन है तो वे ले लें। मगर जो लोग यहां वर्षों से रह रहे हैं, उनके रहने का कहीं इंतजाम भी किया जाय। इस बीच हंगामे की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। फिलहाल हंगामे को देखते हुए टाटा स्टील ने कुछ जगह पर अतिक्रमण हटाकर छोड़ दिया है।





