प्रतिनिधि,जमशेदपुर।बिष्टुपुर स्थित जुबली पार्क में मंगलवार 14 फरवरी वेलेंटाइन डे के दिन बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने प्रेमी युगलों की जमकर क्लास लगाई। इस दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ता प्रेमी युगल की पिटाई करते हुए भी दिखे। यह सब कुछ पुलिस के पेट्रोलिंग वाहन के सामने ही चलता रहा। बावजूद इसके पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश तक नहीं की।





बजरंग दल के कार्यकर्ता जय श्रीराम के नारे लगाते हुए पार्क के अंदर घुसकर जहां जहां भी प्रेमी युगल नजर आए उन्हे खदेड़कर पकड़ने के बाद उनकी पिटाई कर दी। इस बीच उन्होंने युवतियों को भी नहीं बख्शा। बजरंग दल कार्यकर्ताओं के इस दुस्साहस से पूरे पार्क में भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। वहीं बजरंग दल कार्यकर्ताओं का कहना था कि आज ही के दिन 14 फरवरी 2019 जम्मू कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों द्वारा किए गए हमले में देश के 40 जवान शहीद हो गए थे। जिसको लेकर तभी से 14 फरवरी को ब्लैक डे के रूप में मनाया जा रहा है। बताते चलें कि प्रतिवर्ष बजरंग दल कार्यकर्ताओं द्वारा इस दिन का विरोध किया जाता आ रहा है।