गढ़वा।भवनाथपुर थाना क्षेत्र के भवनाथपुर बस्ती में तीन दिनों के भीतर बुखार ने एक ही परिवार के दो बच्चों की निगल लिया है।बच्चों के पिता विजय बैठा दिहाड़ी मजदूर है।मजदूरी कर परिवार चलाता है।मृतकों में 5 वर्षीय हैप्पी कुमार और 2 वर्षीय गोलू कुमार शामिल हैं।बुखार से विजय बैठा और उसकी पत्नी प्रतिमा की भी हालत गंभीर बनी हुई है।

गुरुवार को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के बाद दोनों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृत बच्चों की दादी उषा देवी ने बताया कि बच्चों को बुखार की शिकायत थी। उनका इलाज भी कराया गया लेकिन बच्चों को बचाया नही जा सका।घटना के बाद गांव में भूत-प्रेत और कोरोना की तीसरी लहर से मौत होने की अफवाह तेजी से उड़ रही है।



प्राप्त जानकारी के अनुसार हैप्पी की 15 दिनों से तबीयत खराब थी।स्थानीय डॉक्टर से इलाज के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवनाथपुर में भर्ती कराया गया था। वहां हालत खराब होने पर रांची रेफर किया गया। रांची में हैप्पी का इलाज पहले एक निजी अस्पताल में चला। इसके बाद उसे रिम्स में भर्ती कराया गया जहां सोमवार को उसकी मौत हो गई।

इसके अगले ही दिन गोलू की तबीयत खराब हो गई। परिजनों ने उसे नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। बाद में गोलू को अन्यत्र रेफर कर दिया गया। घर वाले गोलू को इलाज के लिए बनारस ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई। तीन दिन में दो मासूम भाइयों की मौत से विजय के परिवार में मातम पसरा हुआ है।



विजय बैठे के परिवार पर रहस्यमय बीमारी की दोहरी मार पड़ी है।एक तरफ उसके दोनों बेटे नहीं रहे तो वहीं दूसरी तरफ परिवार कर्ज के बोझ से भी दब गया। बड़े बेटे के बीमार होने पर विजय ने 65 हजार रुपये कर्ज लिया था। अब परिवार को चिंता है कि वह कर्ज के पैसे कैसे चुकाएगा।