कौशांबी।कांग्रेस की प्रादेशिक भारत जोड़ों यात्रा में उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र के भरवारी कस्बे में जमकर लाठी-डंडे और ईट पत्थर चले हैं। कांग्रेसियों ने एक दूसरे की लाठी-डंडे और लात घूंसे से दौड़ा-दौड़ाकर जमकर पीटा है।जिससे अफरा तफरी मच गई और कई राहगीर और पटरी दुकानदार भी प्रभावित हुए है। किसी के चोट लगने की खबर नहीं है,लेकिन कइयों का पूरा ठेला ही मारपीट में पलट गया। पीसी सदस्य और पूर्व प्रधान के दो गुट पद यात्रा के दौरान प्रदेश प्रभारी अजय राय के साथ चलने को लेकर भिड़ गए।बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तरह प्रादेशिक स्तर पर स्थानीय कांग्रेस नेता अपने-अपने जिले में भारत जोड़ों यात्रा निकाल रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार जिले के भरवारी नगर पालिका के रोही बाईपास से भरवारी कस्बा होते हुए कांग्रेस नेताओं ने पद यात्रा निकाली थी।यात्रा का नेतृत्व कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अजय राय कर रहे थे।बाईपास से शुरू होकर यात्रा भरवारी रेलवे फाटक के पास पहुंची।इसी दौरान कांग्रेस के पीसीसी सदस्य और प्रयागराज के हटवा के पूर्व प्रधान के समर्थक अजय राय के साथ चलने के लिए आपस में भिड़ गए।देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई।सड़़क पर खुलेआम कांग्रेसियों ने आपस में एक दूसरे के पर जमकर लाठी-डंडे और पत्थर चलाए।
एएसपी समर बहादुर ने बताया कि कांग्रेस की भारत जोड़ों यात्रा के दौरान मुख्य अतिथि के साथ चलने को लेकर कांग्रेसियों के दो गुटों में मारपीट का मामला सामने आया है।पुलिस ने इस मामले में मारपीट कर अराजकता फैलाने वाले दो लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।वीडियो फुटेज के आधार पर बाकी लोगो की पहचान कर तहरीर मिलने पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।





