धनबाद।झारखंड के धनबाद जिले में शक्ति मंदिर रोड स्थित आशीर्वाद अपार्टमेंट में मंगलवार शाम भीषण आग लग गई। इस आग में 10 महिलाओं और तीन बच्चों समेत 14 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी और 14 अन्य लोग घायल हो गए। बता दें कि राजधानी रांची से लगभग 160 किलोमीटर दूर धनबाद में जोड़ाफाटक इलाके के आशीर्वाद टावर में शाम छह बजे यह आग लगी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर शोक जताया है।साथ ही मृतकों को दो लाख और घायलों को 50 हजार मुआवजा देने की घोषणा की।





मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने बताया कि अपार्टमेंट के फोर्थ फ्लोर पर स्थित फ्लैट में विवाह का कार्यक्रम चल रहा था। आशंका है कि इसी दौरान थर्ड फोर्थ पर स्थित एक फ्लैट में दीपक से लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।यह आग फोर्थ फ्लोर तक फैल गई, जिससे तीन बच्चों एवं 10 महिलाओं समेत 14 लोगों की मौत हो गई।





मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने बताया कि इस घटना में 14 लोग घायल हुए हैं।उन्हें इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि आग लगने के सटीक कारण का जांच के बाद ही पता लग सकेगा।





झारखंड के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय आनंदराव लाठकर ने पीटीआई भाषा को बताया कि रात्रि लगभग नौ बजे तक फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया था। उन्होंने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।





धनबाद के उपायुक्त संदीप सिंह ने रात्रि लगभग 11 बजे एक बयान जारी कर बताया कि आशीर्वाद टॉवर में राहत और बचाव का कार्य पूरा कर लिया गया है और अब यहां किसी और के फंसे होने की आशंका नहीं है।उन्होंने बताया कि 10 मंजिला इस अपार्टमेंट के तीसरे और चौथे तल में आग लगी थी।





उपायुक्त संदीप सिंह ने बताया कि अधिकतर घायल खतरे से बाहर बताए गए हैं।इस बीच प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस अपार्टमेंट में आग लगी है, उसके फोर्थ फ्लोर पर रहने वाले सुबोध श्रीवास्तव की बेटी की शादी थी और विवाह समारोह में भाग लेने के लिए बाहर से भी लोग आए हुए थे।उन्होंने कहा कि इसी दौरान थर्ड फ्लोर पर रहने वाले पंकज अग्रवाल के घर जलता दीपक कालीन पर गिर गया और आग अन्य मंजिलों में भी फैल गई।





मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस हादसे पर दुख जताते हुए ट्वीट किया, धनबाद के आशीर्वाद टावर अपार्टमेंट में आग लगने से लोगों की मृत्यु अत्यंत मर्माहत करने वाली है।जिला प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है।हादसे में घायल लोगों को उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।मैं खुद पूरे मामले को देख रहा हूं। सीएम सोरेन ने एक अन्य ट्वीट में हताहतों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि घायलों को शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।





बता दें कि आशीर्वाद अपार्टमेंट आवासीय के साथ-साथ व्यावसायिक केंद्र भी है।इसमें बड़ी संख्या में फ्लैट हैं।इस अपार्टमेंट से ही कुछ दूर स्थित हाजरा अस्पताल में शनिवार को हुए अग्निकांड में चिकित्सक दंपति समेत समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी।