पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,हंटरगंज(चतरा)। प्रखण्ड क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हंटरगंज में महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर कुष्ठ रोग निवारण दिवस मनाया गया।स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. वेद प्रकाश और स्वास्थ्य कर्मियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी।





इस दौरान कुष्ठ रोगियों से भेदभाव नहीं करने,रोगियों को दवा लेने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।यह भी कहा गया कि कुष्ठ से संबंधित जागरूकता अभियान प्रखण्ड क्षेत्र में 30 जनवरी से 13 फरवरी तक चलेगा। प्रखण्ड के कुल 90 गांवों को चिन्हित किया गया है।गांवों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन कर कुष्ठ रोग के प्रति भ्रांतियां को दूर किया जाएगा। घर-घर जाने वाले स्वास्थ्यकर्मी व सहिया कुष्ठ रोग की पड़ताल भी करेंगे।





डॉ. वेद प्रकाश ने बताया कि कुष्ठ कोई अभिशाप नहीं एक सामान्य जीवाणु जनित बीमारी है,जिसका आसान सा इलाज है। उन्होंने बताया कि कुष्ठ रोग तंत्रिका तंत्र संबंधित बीमारी है, समय पर इलाज करवाने से कुष्ठ रोग पूर्णतया ठीक हो जाता है,लेकिन यदि इसके उपचार में लापरवाही बरती जाए तो और विकृति आ सकती है। देश में 98 प्रतिशत लोग प्राकृतिक रूप से इस बीमारी के प्रति प्रतिरोधक क्षमता रखते है अर्थात मात्र दो प्रतिशत लोग ही इस बीमारी से ग्रसित हो सकते हैं।ऐसे में इस अभियान के तहत कुष्ठ रोगियों की पहचान करते हुए उन्हें दवा भी उपलब्ध कराई जाएगी। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से उसके प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा ।





मौके पर पारा मेडिकल कर्मी अरुण कुमार यादव, डॉक्टर विभा यादव, डॉक्टर केके शाह, वीरेंद्र कुमार, रमेश यादव सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।