प्रतिनिधि,पतरातू। पतरातू के विभिन्न क्षेत्र के शिवालय महाशिवरात्रि के अवसर पर हर-हर महादेव, बम-बम भोले के जयकारे के साथ सभी शिवालय सुबह से शाम तक गूंजते रहे। इस दौरान पीटीपीएस के जनता नगर शिव मंदिर के जीर्णोद्वार के पश्चात महाशिवरात्रि पर आकर्षक ढंग से विद्युत और फूलों से भव्यता प्रदान कर सजाया गया।





पतरातू क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में दिनभर शिवरात्रि की तैयारियां होती रही।अहले सुबह से ही यहां शिव भक्तों की कतार लग गई। प्रातः 4:00 बजे से महादेव का जलाभिषेक शुरू हुआ। मंदिर में भोले के भक्तों के लिए मंदिर प्रबंध समिति के द्वारा मंदिरों को समय से रंग रोगन व साफ सफाई के साथ हर तरह की व्यवस्था की गई ताकि किसी भी श्रद्धालुओं को कोई दिक्कतों का सामना ना करना पड़े। महाशिवरात्रि पर महादेव के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने के साथ शिव की आराधना का सिलसिला जारी रहा। जैसे-जैसे दिन बढ़ता गया वैसे वैसे ही मंदिरों में भी भीड़ बढ़ती रही। इस दौरान विभिन्न शिवालयों में रात्रि तक शिव भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिरों में की गई भव्य सजावट और शिव के अभिषेक की तैयारियां श्रद्धालुओं को रोमांचित कर रही थी।





इस दौरान जनता नगर शिव मंदिर के पुरोहित ने बताया कि महाशिवरात्रि भगवान शिव एवं पार्वती के विवाह का पुण्य दिन है। यह शिव भक्ति के मिलन का पर्व है। भारतीय संस्कृति में इस पर्व का अत्यंत महत्व है। साथ ही यह पर्व शिव एवं शक्ति की आराधना का पर्व है। शिव मनुष्य को अंधकार से प्रकाश की ओर तथा असत्य से सत्य की ओर लेकर जाते हैं। महाशिवरात्रि पर्व अपार प्रेम एवं सद्भाव का भी संदेश देता है। महाशिवरात्रि पर जनता नगर शिव मंदिर के अलावे पीटीपीएस पंच मंदिर, न्यू मार्केट शिव मंदिर, हनुमानगढ़ी शिव मंदिर, शाह कॉलोनी शिव मंदिर, पतरातू बाजार शिव मंदिर, स्टीम कॉलोनी शिव मंदिर के अलावे पतरातू अंतर्गत विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालय दिन भर हर हर महादेव के जयकारे से गुंजायमान होता रहा। साथ ही विभिन्न शिवालय परिसर में भक्ति के कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। जहां भक्तों ने भक्ति कार्यक्रम में शरीक होकर भक्ति के रस में सराबोर होते रहे।