झारखंड।घर में निकले सांप को ईश्वर का का भेजा हुआ दूत मानकर गले में लपेटकर पूजा करना एक महिला को भारी पड़ गया।जहरीले सांप ने महिला को कई बार डसा और महिला की मौत हो गई।ये घटना चतरा जिले के हंटरगंज प्रखंड में सोमवार की देर शाम को हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रखंड के कर्मा पंचायत स्थित रक्शी गांव में लालदेव भुइयां की पत्नी रुनिया देवी घर से तैयार होकर शिव चर्चा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रही थी।
इसी दौरान एक जहरीला सांप उनके घर में निकल आया।रुनिया ने जहरीले सांप को भगवान शिव का दूत मानकर पकड़ लिया और अपने गले में लपेट कर पूजा करने बैठ गई।गले में जहरीले सांप को लपेट कर पूजा करने की बात गांव में जंगल में लगी आग तरह फैल गयी और देखते ही देखते गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई।रूनिया सांप के साथ काफी देर तक शिव चर्चा और भजन-कीर्तन में मगन रही।कुछ गांव वाले भी ढोल बजाकर कीर्तन में उसका साथ देने लगे।
भजन-कीर्तन के दौरान ही सांप ने रूनिया के शरीर पर कई जगह डस लिया। हालांकि पूजा में लीन रूनिया और वहां मौजूद लोगों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।धीरे-धीरे जब शरीर में विष का असर बढ़ने लगा तो रुनिया अचेत होकर गिर पड़ी।यह देखकर वहां हड़कंप मच गया।आनन-फानन में परिजन उसकी झाड़फूंक कराने लगे लेकिन देखते ही देखते रूनिया की मौत हो गई। अंधविश्वास में रुनिया देवी की जान चली गई। समय रहते अस्पताल ले जाने पर उसे बचाया जा सकता था।





