रांची।झारखंड में भाकपा माओवादी 27 सितंबर तक स्थापना दिवस सप्ताह मना रहे हैं।इस दौरान माओवादियों ने पुलिस बलों पर हमला करने के लिए योजना बनाई है।राज्य पुलिस की विशेष शाखा के स्पेशल इंटेलीजेंस ब्यूरो के एसपी ने राज्य के सभी जिलों के एसपी को खास सावधानी बरतने का निर्देश दिया है।



राज्य पुलिस के एसआईबी एसपी ने सभी जिलों को बताया है कि स्थापना सप्ताह मनाने को लेकर पूरे राज्य में बैनर व पोस्टरबाजी कर रहे हैं। बैनर व पोस्टर लगाने के बाद पुलिस बल जब इसे हटाने पहुंचे इस दौरान बलों पर हमला किया हो सकता है। एसआईबी एसपी ने जिलों के एसपी को लिखा है कि बैनर- पोस्टर हटवाते समय जल्दबाजी न बरतें। बैनर व पोस्टरों के द्वारा प्रेशर रिलिज डिवाइस, एंटी हैंडलिंग मैकेनिज्म और फोटो सेंसेटिव डिवाइस लगाए जा सकते हैं। इसके जरिए आईईडी ब्लास्ट को भी अंजाम दिया जा सकता है।



एसआईबी एसपी ने लिखा है कि सुरक्षात्मक उपाय के बाद ही बैनर- पोस्टर हटाएं। सभी जिलों के एसपी को निर्देशित किया गया है कि इस संबंध में नक्सल प्रभाव वाले थानों में तैनात पुलिसकर्मियों तक भी यह जानकारी पहुंचायी जाए।राज्य में बैनर- पोस्टर लगाकर पुलिसकर्मियों पर हमले पूर्व में हो चुके है। राज्य पुलिस मुख्यालय ने अपने पत्र में बताया है कि बोकारो के घोर नक्सल प्रभाव वाले झूमरा पहाड़ के इलाके समेत अन्य जगहों पर ऐसी घटना घट चुकी है।