कासगंज।चित्रकूट की रगौली जेल में बंद माफिया डॉन मुख्तार अंसारी का विधायक बेटा अब्बास अंसारी को बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच कासगंज की पचलाना जेल शिफ्ट किया गया। अब्बास को हाई सिक्योरिटी बैरक में रखा गया है।दोपहर लगभग सवा दो बजे पुलिस का काफिला अब्बास को लेकर पचलाना जेल के मेन गेट पर पहुंचा।इसके बाद अब्बास को सीधे अंदर ले जाया गया और जांच के बाद बैरक में शिफ्ट कर दिया गया।
बता दें कि मंगलवार को शासन ने ओम प्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी से मऊ विधायक अब्बास अंसारी को चित्रकूट की रगौली जिला जेल से कासगंज की पचलाना जेल में शिफ्ट करने का निर्देश दिया था।कयास लगाए जा रहे थे कि मंगलवार की रात अब्बास को पचलाना जेल में शिफ्ट कर दिया जाएगा।मगर ऐसा हुआ नहीं। बुधवार की सुबह 6 बजे पुलिस टीमों का काफिला कड़ी सुरक्षा के बीच चित्रकूट की रगौली जिला जेल से कासगंज की पचलाना जेल के लिए अब्बास को लेकर निकला। पुलिस टीम का काफिला 459 किलोमीटर का सफर तय करते हुए कासगंज पहुंचा। पुलिस टीमों का काफिला लगभग डेढ़ बजे जिले की सीमा पर पहुंचा।अनुमान के मुताबिक सवा दो बजे पुलिस टीम का काफिला अब्बास को लेकर जेल में पहुंचा।इस दौरान एएसपी जितेंद्र दुबे, सीओ सदर अजीत चौहान भी मौजूद रहे।एस्कॉर्ट टीम बाईपास मार्ग का प्रयोग कर पचलाना जेल पहुंची।
अब्बास को लेकर आ रहा पुलिस टीम का काफिला कासगंज जिले में प्रवेश करते ही जेल प्रशासन और जेल की सुरक्षा में लगीं टीमें अलर्ट हो गईं।गेट के बाहर लगी भीड़ को हटा दिया गया।काफिला सीधे जेल के अंदर प्रवेश किया।जहां जेल प्रशासन ने नियमानुसार प्रकिया पूरी की और अब्बास को हाई सिक्योरिटी बैरक में ले जाया गया।जेल में अब्बास के साथ आए सामान की गहनता से जांचा हुई। छोटे बड़े सभी चार बैग में अब्बास का सामान था। जेल प्रशासन के अधिकारियों व कर्मियों ने सामान की पूरी तरह से तलाशी ली। इस मौके पर जिला जेल में बंदियों से मिलाई करने पहुंचे लोगों को जेल परिसर से बाहर जाने को कहा गया। इससे मुलाकात करने पहुंचे लोग मायूस हो गए।





