मृतक संजीत सिंह के परिजनों ने हत्याकांड की,की सीबीआई जांच की मांग





सीएम और वित्त मंत्री को पत्र लिखकर लगाई न्याय की गुहार





पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची।सुखदेव नगर थाना क्षेत्र में खादगढ़ा स्थित सरकारी क्वार्टर में रहने वाले संजीत सिंह की मौत का रहस्य गहराता जा रहा है। लगभग 22 दिन बाद भी संजीत सिंह हत्याकांड का खुलासा पुलिस नहीं कर पाई है। अब तक अपराधी गिरफ्त से बाहर है।बीते दिनों संजीत सिंह की पत्नी,मां और बहन सहित अन्य परिजनों ने न्याय की गुहार लगाते हुए सुखदेव नगर थाना के सामने प्रदर्शन भी किया,लेकिन अब तक इस दिशा में कोई प्रगति नहीं होने से मृतक के परिजनों में आक्रोश व्याप्त है।





परिजनों के मुताबिक संजीत सिंह की हत्याकर शव को साक्ष्य छिपाने की नीयत से थाने के पीछे शिव दुर्गा मंदिर लेन में निर्माणाधीन पानी टंकी के पास नाली में फेंक दिया गया था। दो जनवरी को स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने पर नाली से पुलिस ने संजीत सिंह का शव बरामद किया था।





मृतक संजीत सिंह की पत्नी डॉली सिंह ने हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार करके कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग करते हुए 18 जनवरी को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई है।पत्र के साथ दर्ज प्राथमिकी की छाया प्रति और वरीय पुलिस अधीक्षक को दिए गए आवेदन की छाया प्रति सहित समाचार पत्रों में इस संदर्भ में प्रकाशित खबरों की छाया प्रति भी संलग्न किया है।





मृतक संजीत सिंह की पत्नी डॉली सिंह का कहना है कि उनके पति की हत्या की साजिश वहां के स्थानीय आपराधिक प्रवृत्ति के युवकों द्वारा रची गई और इरादतन उसकी हत्या की गई है। हत्यारों के संबंध में पुलिस को कई सुराग भी मिले हैं, लेकिन इसके बावजूद अभी तक पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है।डॉली सिंह ने झारखंड सरकार के मंत्री राधा कृष्ण किशोर को भी आवेदन देते हुए न्याय की गुहार लगाई है।पत्र के माध्यम से परिजनों ने संजीत सिंह हत्याकांड की सीबीआई या सीआईडी जांच की मांग की है।