प्रतिनिधि,गिरिडीह।गिरिडीह में विख्यात आयरन बार टीएमटी कंपनी मोंगिया स्टील समूह व सलूजा गोल्ड के साथ ही साथ लाल फेरो में बुधवार की सुबह-सुबह रांची आयकर विभाग की धमक से उद्योगपतियों में खलबली मच गई। मिली जानकारी के अनुसार रांची आयकर विभाग के वरीय अधिकारी प्रदीप डुंगडुंग के नेतृत्व में करीब सौ से अधिक विभागीय अधिकारियों के द्वारा आयकर सर्वे की कारवाई शुरू की गई।
आयकर विभाग की टीम मोंगिया स्टील समूह के संतपुरिया सहित उसके औद्योगिक क्षेत्र के कई ठिकानों के साथ ही मोंगिया समूह के चेयरमैन डॉक्टर गुणवंत सिंह सलूजा, सलूजा गोल्ड समूह के अमरजीत सिंह सलूजा के आवासीय कार्यालय और कोलकाता के कई ठिकानों में एक साथ पहुंचे और आयकर सर्वे की कार्रवाई शुरू की। इस क्रम में आयकर विभाग की टीम लाल फेरो के साथ ही लाल फेरो के मालिक चेतु साहू व उनके भाई गांगो साहू के घर पर भी आयकर विभाग की टीम पहुंची और छापामारी शुरू की। टीम में शामिल अधिकारी सभी ठिकानों में सारे कागजात को खंगालने में जुटे हुए रहे।
बताया जाता है कि इस कारवाई में गिरिडीह आयकर विभाग के अधिकारी को दूर रखा गया। जानकारी के अनुसार तीस वाहनों से करीब सौ से अधिक आयकर विभाग के अधिकारी गिरिडीह पहुंचे। जिसमें झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के अधिकारी शामिल थे। कारवाई में रांची जिला पुलिस बल के जवानों को भी शामिल किया गया। आयकर विभाग के सूत्रों की माने तो कारवाई अगले दो से तीन दिनों तक चलने की बात कही जा रही है।
विदित हो कि पंद्रह दिन पूर्व बालमुकुंद स्टील में भी आयकर विभाग की छापेमारी हुई थी। वहीं 15 दिनों के अंदर आयकर विभाग की गिरिडीह में यह दूसरी बड़ी कारवाई होने से आद्योगिक घरानों में खलबली मची हुई है।यहां यह भी बता दें कि अभी हाल ही में सीबीआई द्वारा जांच पड़ताल की गई थी।उधर मोंगिया स्टील समूह के एकाउंटेंट संजय झा के देवघर स्थित घर में भी आयकर विभाग द्वारा छापामारी की गई।हालांकि संवाद संकलन तक आयकर विभाग के टीम द्वारा कोई खुलासा नहीं किया गया था।





