प्रदेश के अमेठी जिले में हैंडपंप पर पानी भरने गई किशोरी को बंधक बनाकर पांच दिनों तक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है।पांच दिन बाद किसी तरह किशोरी वहां से भाग निकली। मामला अमेठी कोतवाली क्षेत्र के शहर के एक मोहल्ले का है।मोहल्ले की रहने वाली किशोरी पांच दिन पहले रात में अपने घर के पास लगे हैंडपंप से पानी भरने गई हुई थी। इसी दौरान शहर के ही रहने वाले रवि उर्फ रफी मोहम्मद ने उसका अपहरण कर लिया। किशोरी के गायब होने के बाद घरवालों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। पांच दिनों बाद जब बुधवार की रात किशोरी घर वापस आई तो उसने पूरी आप बीती घरवालों को बतायी। किशोरी का आरोप है कि रफी ने पांच दिन तक उसके साथ दुष्कर्म किया। परिजन किशोरी को लेकर थाने गए और नामजद तहरीर दी। तहरीर मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए महिला सिपाही के साथ जिला अस्पताल भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक श्याम सुंदर ने बताया कि परिवारीजनों की तहरीर पर दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है।जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।