लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर अभी से सियासी पारा चढ़ने लगा है। राज्य में विपक्षी गठबंधन के प्रमुख घटक दलों—समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत तेज हो गई है। कांग्रेस ने अपनी दावेदारी पेश करते हुए सपा से कुल 172 विधानसभा सीटों की मांग की है, जिसे चार कैटेगरी में बांटा गया है। वहीं, समाजवादी पार्टी कांग्रेस को अपने चुनावी समीकरण के हिसाब से 50 से 60 सीटें देने के पक्ष में नजर आ रही है।
कांग्रेस की बड़ी मांग और प्राथमिकताएं
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने जो सूची सौंपी है, उसमें 75 सीटें 'A' कैटेगरी (पहली प्राथमिकता) में रखी गई हैं, जिन्हें पार्टी हर हाल में अपने कोटे में चाहती है:
- पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर खास नजर: कांग्रेस का सबसे ज्यादा जोर पश्चिमी यूपी की मुस्लिम और दलित बहुल सीटों पर है। पार्टी ने सहारनपुर की सभी सीटों के साथ-साथ मुरादाबाद, रामपुर, बिजनौर, मेरठ, अमरोहा और संभल जिलों की सीटों पर दावा ठोका है। इसी सिलसिले में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का हालिया रामपुर दौरा और आजम खान से मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है। सूत्रों का दावा है कि पश्चिमी यूपी में कांग्रेस को 12 से 14 सीटें मिलने पर सहमति बन सकती है।
- रायबरेली और अमेठी पर खींचतान: कांग्रेस अपने गढ़ माने जाने वाले रायबरेली और अमेठी जिलों की सभी विधानसभा सीटों पर दावा कर रही है। हालांकि, सपा हर जिले में कांग्रेस को दो-दो सीटें देने के पक्ष में है। बता दें कि रायबरेली से राहुल गांधी और अमेठी से किशोरी लाल शर्मा सांसद हैं।
इसे भी पढ़ेंः 'फॉर्म-6' के पेंच पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, 28 अक्टूबर को करेगा सुनवाई, 47 लाख नाम कटने पर टिकी निगाहें
सपा का रुख: 50 से 60 सीटों का ऑफर
कांग्रेस की 172 सीटों की भारी-भरकम मांग के मुकाबले समाजवादी पार्टी सिर्फ 50 से 60 सीटें देने के विकल्प पर विचार कर रही है। सपा के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, पार्टी जिन सीटों पर कांग्रेस को राजी करना चाहती है, उनमें अवध और बुंदेलखंड क्षेत्र की सीटें अधिक हो सकती हैं।
कांग्रेस जहां अपनी मजबूत सीटों को सुरक्षित करना चाहती है, वहीं सपा अपने वोट बैंक और जमीनी आकलन के आधार पर सीटों का बंटवारा करना चाहती है। अब सबकी निगाहें समाजवादी पार्टी की ओर से आने वाली उस अंतिम सूची पर टिकी हैं, जो वह कांग्रेस को भेजने वाली है। इस सूची के सामने आने के बाद ही गठबंधन की वास्तविक तस्वीर साफ हो सकेगी।
#UPElections2027 #SamajwadiParty #Congress #SeatSharing #AkhileshYadav #UPPolitics #RaeBareli #Amethi #PoliticalNews #BreakingNews





