प्रतिनिधि,जमशेदपुर।रांची एटीएस की सूचना पर जिला पुलिस ने शहर में बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने से पहले ही चार अपराधियों को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया है। इन सभी आरोपियों की गिरफ्तारी बर्मामाइंस थाना अंतर्गत लालबाबा फाउंड्री के पास से पुलिस ने बीती रात्रि की है। उस वक्त ये सभी आरोपी घटना को अंजाम देने के लिए एकत्रित हुए थे। इस दौरान पुलिस टीम ने छापेमारी कर उन सभी को गिरफ्तार कर लिया। इनकी गिरफ्तारी होने से पुलिस ने शहर में एक बड़ी अपराधिक घटना होने से टाल दिया है।





गिरफ्तार अपराधियों में सिदगोड़ा कानू भट्टा नंद नगर निवासी राजू प्रसाद, बिरसानगर जोन नंबर 1 बी साधुडेरा निवासी राहुल कुमार यादव, बर्मामाइंस लाइन नंबर 3 ईस्ट प्लांट बस्ती निवासी जे. राहुल और सिदगोड़ा कानू भट्टा का रहने वाला रोहित भुइंया शामिल है। गिरफ्तारी के बाद मौके पर इनकी तलाशी लेने के क्रम में पुलिस ने एक देसी कट्टा, .315 बोर का जिंदा कारतूस के साथ साथ दो मोबाइल भी बरामद किया है।





मामले का खुलासा मंगलवार पुलिस ऑफिस में एसएसपी प्रभात कुमार ने पत्रकारों के समक्ष किया।वार्ता में एसपी सिटी के. विजय शंकर और एएसपी शुभांशु जैन भी मौजूद थे। वार्ता के दौरान एसएसपी ने बताया कि रांची एटीएस टीम को अपने सूत्रों के माध्यम से जमशेदपुर शहर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में अपराधियों द्वारा एक बड़ी अपराधिक घटना को अंजाम देने की सूचना प्राप्त हुई। जिसके बाद एटीएस द्वारा इसकी सूचना जिले के वरीय अधिकारियों को दी गई। सूचना प्राप्त होते ही उसे गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर टीम का गठन कर मामले की जांच शुरू कर दी गई। साथ ही सूत्रों के माध्यम से जानकारी एकत्रित कर उक्त स्थल पर छापेमारी कर सभी अपराधियों को जिला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार सभी अपराधी किसी की हत्या करने की योजना बनाने के लिए एकत्रित हुए थे। गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी जेल जा चुके हैं। पूछताछ के क्रम में गिरफ्तार अपराधियों से पुलिस को कुछ सुराग भी हाथ लगे हैं। जिसपर पुलिस काम कर रही है। फिलहाल सभी को जेल भेज दिया गया है। मगर जल्द ही पुलिस सभी को रिमांड पर लेगी।





टीम में थाना प्रभारी अजय कुमार, एएसआई विजय कुमार, संतोष कुमार चौबे, संजय कुमार यादव, आरक्षी 209 विनय पांडे, 1630 सरोज कुमार मिश्रा, 786 संजय कुमार यादव, 2093 धीरज सिंह और 1125 मुनि कुमार समेत सशस्त्र पुलिस बल मौजूद थी।