प्रतिनिधि,चतरा। राजकीय इटखोरी महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में उपायुक्त अबु इमरान के निर्देश पर शनिवार को अपर समाहर्ता पवन कुमार मंडल और अनुमंडल पदाधिकारी मुमताज अंसारी ने प्रेस को संबोधित किया। मौके पर राजकीय इटखोरी महोत्सव के विधि व्यवस्था की सम्पूर्ण जानकारी उपस्थित पत्रकारों को दी गई।
अपर समाहर्ता पवन कुमार मंडल ने ईटखोरी महोत्सव की महत्ता और महोत्सव के सृजन के बारे में बताते हुए कहा कि ईटखोरी महोत्सव को राजकीय महोत्सव का दर्जा इसके आरंभ होने के एक साल बाद अथार्थ 2016 में मिला और तभी से इस महोत्सव को मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महामारी के कारण 2021 और 2022 में यह महोत्सव सांकेतिक रूप से मनाया गया था। इस वर्ष बहुत ही भव्य तरीके से महोत्सव मनाने की पूरी तैयारी कर ली गई है।
महोत्सव के आयोजन के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि 19 फरवरी 2023 को मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। विशिष्ट अतिथि के रूप में मंत्री सत्यानन्द भोक्ता पर्यटन कला-संस्कृति खेलकूद मंत्री हफीजुल हसन शामिल होंगे।
अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा गठित विभिन्न कोषांग और महोत्सव के दौरान उनके दायित्व की जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव में आवागमन, पार्किंग, चिकित्सक सहायता सहित सभी अन्य जरूरतों का खयाल कोषांगों द्वारा किया जाएगा।
प्रेसवार्ता में अनुमंडल पदाधिकारी सुधीर कुमार दास, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अविनाश कुमार, जिला खेल कूद पदाधिकारी तुषार रॉय, आपूर्ति पदाधिकारी सलमान ज़फर खिजरी, नजारत उप समाहर्ता अमरदीप बल्होत्रा, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी शिवनंदन बड़ाईक,डीपीएम जेएस पीएलएस अनिल डुंगडुंग और जिले के पत्रकार बंधु उपस्थित थे।





