रांची।प्रदेश में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ता जा रहा है।पहले वकील की हत्या,फिर जज की संदिग्ध मौत और फिर रांची के फोटो जॉर्नलिस्ट पर जानलेवा हमला।अब इस हमले की लिस्ट में नेता भी शामिल हो गए हैं।
बुधवार की देर शाम भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के ग्रामीण जिला अध्यक्ष जीत राम मुंडा की मोटर साइकिल सवार बदमशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वही इस घटना में भाजपा नेता राज किशोर भी घायल हो गए।
बुधवार को बदमशों ने इस वारदात को उस समय अंजाम दिया जब जीत राम ओरमांझी के चुटुपालु एक होटल बैठकर राज किशोर के साथ चाय पी रहे थे। इस वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मोटर साइकिल से रांची की तरफ भाग गये। मृतक जीत राम ओरमांझी के पुंदाग गांव के रहने वाले थे। उनका पुंदाग में एक होटल भी है।
मिली जानकारी के अनुसार एक कार्यक्रम से वापस आकर जीत राम अपने दोस्त राज किशोर के साथ पालू के आर्यन होटल में बैठे हुए थे। दोनो चाय पी रहे थे। इसी दौरान मोटर साइकिल पर दो बदमाश पहुंचे। एक बदमाश एन एच के दूसरी तरफ मोटर साइकिल लेकर खड़ा था। दूसरा बदमाश रास्ते को पार करते हुए होटल में बैठे जीत राम के पास पहुंचा औऱ पीछे से फायरिंग कर दी। गोली जीत राम के गर्दन से होते हुए छाती से निकली, जो राज किशोर के अंगुली में लगी। इसके बाद बदमाश भागते हुए रास्ता पार किया और मोटर साइकिल में बैठकर अपने साथी के साथ रांची की तरफ भाग निकला। होटल में मौजूद अन्य लोगों ने आनन-फानन में दोनो को मेदांता अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जीतराम को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण एसपी नौशाद आलम, डीएसपी और ओरमांझी थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश का मामला सामने आ रहा है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद अर्जुन मुंडा, भाजपा के संगठन मंत्री धर्म पाल सिंह, प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू, पूर्व सांसद राम टहल चौधरी, पूर्व विधायक राम कुमार पाहन, समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मेदांता अस्पताल पहुंचे। भाजपा नेता की हत्या को लेकर भाजपाइयों में काफी आक्रोश था। बताया जा रहा है कि भाजपा नेता जीतराम का मनोज मुंडा नाम के व्यक्ति से काफी समय से विवाद चल रहा था। आशंका जतायी जा रही है कि मनोज ने ही जीत राम की हत्या करवायी है। हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।





