लखनऊ।उत्तर प्रदेश की सियासत में अलग रुतबा रखने वाला प्रदेश का बड़का जिला प्रतापगढ़़ एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। सूबे के पूर्व कैबिनेट मंत्री जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भइया की पत्नी भानवी कुमारी सिंह ने विधान परिषद सदस्य अक्षय प्रताप सिंह उर्फ गोपाल भइया सहित पांच लोगों के खिलाफ नई दिल्ली के आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्लू) थाने में धोखाधड़ी और जालसाजी सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज करा दिया है। उन्होंने सीआरपीसी 420, 467, 468, 471,109 और 120 बी के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।
भानवी कुमारी ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह अपनी कंपनी श्री दा प्रॉपर्टीज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की डायरेक्टर और मेजोरिटी शेयर होल्डर हैं।भानवी का आरोप है कि अक्षय प्रताप सिंह ने उनके जाली डिजिटल हस्ताक्षर कर कंपनी के मेजोरिटी शेयर हथिया लिए और साथ ही खुद को और अपने साथियों को कंपनी का डायरेक्टर नियुक्त कर लिया।भानवी ने आगे शिकायत में कहा है कि अक्षय प्रताप सिंह एक फ्रॉड है,जिसके ऊपर पहले से ही आईपीसी के कई मामले दर्ज हैं।
बता दें कि अक्षय प्रताप सिंह रिश्ते में राजा भइया के चचेरे भाई लगते हैं।अक्षय प्रताप सिंह प्रतापगढ़ से तीन बार से एमएलसी हैं और एक बार से सांसद भी रह चुके हैं।अक्षय प्रताप सिंह को फर्जी पते पर रिवॉल्वर का लाइसेंस लेने के मामले में एमपीएमएलए कोर्ट से सजा भी मिल चुकी है। एमएलसी चुनाव के ठीक के पहले 23 मार्च 2022 को सात साल की सजा और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई थी।बरहाल जिला जज की अदालत ने अक्षय प्रताप को दोषमुक्त कर दिया था। अक्षय प्रताप सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने को लेकर सियासी गलियारों में माहौल गर्म हो गया है।अक्षय प्रताप सिंह खिलाफ राजा भइया की पत्नी के खड़े़ होने को लेकर तरह-तरह की चर्चा चल रही है।आपसी संबंध के बिगड़़ने के कारणों की भी चर्चा बड़े़ तौर पर हो रही है।
अक्षय प्रताप सिंह को राजा भइया की परछाई माना जाता है। यह भी माना जाता है कि राजा भइया ने ही अक्षय प्रताप सिंह का राजनीतिक करियर संवारा है।राजा भइया प्रतापगढ़़ के भदरी राजघराने से हैं।राजा भइया के परिवार का राजनीतिक इतिहास भी है।अवध क्षेत्र में युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय राजा भइया साल 1993 से लगातार कुंडा विधानसभा सीट से विधायक हैं।राजा भइया यूपी सरकार की अलग-अलग कैबिनेट में मंत्री भी रह चुके हैं।





