रामगढ़ उपचुनाव:महागठबंधन प्रत्याशी के समर्थन में यूपीए ने झोंकी ताकत





गोला पहुंचे मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन,मतदाताओं से की बजरंग महतो को विजयी बनाने की अपील





हम विकास की राजनीति करते हैं, विनाश की नहीं :मुख्यमंत्री





विशेष संवाददाता





गोला (रामगढ़)। रामगढ़ उपचुनाव के मद्देनजर यूपीए महागठबंधन ने पूरी ताकत झोंक दी है। इस क्रम में रविवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गोला पहुंचे।वहां एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय के मैदान में मुख्यमंत्री ने विशाल चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया। इस सभा में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन(यूपीए) एवं वाम दलों की एकता देखते हीं बनी।





मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपराह्न लगभग तीन बजे सभास्थल पर पहुंचे। उन्होंने अपने सम्बोधन में अपने कार्यकाल की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि हम विकास की राजनीति करते तथा हमारे विरोधी आजसू विनाश की राजनीति करती है।उन्होंने लोगों से कहा कि अब आपको तय करना है कि आप विकास को चुनेंगे या विनाश को। उन्होंने कहा कि ममता देवी का जिस प्रकार रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में लोकप्रियता के साथ पैठ बन रही थी, वह विरोधियों को नहीं सुहाया और षड्यंत्र रचकर न्यायिक प्रक्रिया को भी प्रभावित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये हमारी सरकार की देन है कि पुरानी पेंशन योजना लागू की गई।





सभा में राज्य के वरीय मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि ममता देवी के द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों से विरोधियों में काफी घबराहट की स्थिति पैदा हो गई थी।इसलिए विरोधियों द्वारा कुत्सित चाल चला गया तथा गोला गोलीकांड को प्रभावित किया तथा रामगढ़ की भोलीभाली जनता पर उपचुनाव का बोझ थोपा गया।अब आपको निर्णय लेना है।





सभा को सम्बोधित करते हुए गोमिया पूर्व विधायक योगेन्द्र महतो ने कहा कि आजसू पार्टी षडयंत्रकारी पार्टी है,जिसके पास न नीति है न नियत है, सिर्फ और सिर्फ ठेकेदारी है। गोला साइडिंग, माएल साइडिंग और कुजू साइडिंग इसका नमूना है।





सभा को प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो, बंधु तिर्की, शहजादा अनवर, मांडर विधायक शिल्पी नेहा तिर्की, बरही विधायक उमाशंकर अकेला, दर्जा प्राप्त मंत्री फागु बेसरा, पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता, महेन्द्र पाठक, काँग्रेस जिला अध्यक्ष मुन्ना पासवान, झामुमो के भुनेश्वर महतो, गोला बीस सुत्री अध्यक्ष रामविनय महतो, प्रखंड काँग्रेस अध्यक्ष संतोष सोनी, झमुमो प्रखंड अध्यक्ष सतीश मुर्मू, गुलजार अंसारी ने संबोधित किया गया। मंचासीन नेताओं में बड़कागाँव विधायक अंबा प्रसाद, बेरमो विधायक अनुप सिंह, केशव महतो कमलेश, अमीत महतो, बलजीत सिंह बेदी, भोला दांगी, कमलेश कुमार महतो, गौरीशंकर महतो, सुनील कुशवाहा, जाकीर अख्तर सहित कई अन्य मौजूद थे।