साहेबगंज। झारखंड के साहेबगंज के बोरियो में आदिम जनजाति पहाड़िया समुदाय के शख्स से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है।इस मामले में डीसी रामनिवास यादव ने सदर एसडीओ को जांच का आदेश दे दिया है। आरोप है कि बोरियो थाने में चौकीदार रहे गुहिया पहाड़िया से बोरियो के रहने वाले शंभु प्रसाद शाह ने लाखों रूपये की ठगी कर ली।बोरियो के टनडोला पहाड़ निवासी गुहिया पहाड़िया की पत्नी फुलमुनि पहाड़िन ने बोरियो थाने में शंभु शाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दिया।फुलमुनि की जब एफआईआर दर्ज नहीं हुई तो उसने एसडीपीओ को लिखित आवेदन देते हुए कोर्ट में परिवादवाद दायर किया।
फुलमुनि ने बताया कि शंभु ने ट्रैक्टर भी वापस ले लिया। थाने में शिकायत की कोशिश पर अब उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है।पीड़ित परिवार ने डीसी रामनिवास यादव से मिलकर सारी आपबीती बताई।डीसी ने दस्तावेजों के अवलोकन के बाद मामले में सदर एसडीओ को जांच का आदेश दिया और एसपी और एसडीपीओ को एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया। डीसी ने 15 दिनों में कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित चौकीदार को उनसे मिलने को कहा।
आपको बता दें कि बोरियो थाने में चौकीदार गुहिया पहाड़िया 31 मई 2016 को रिटायर हो गए थे।गुहिया की एसबीआई बोरियो शाखा के अकाउंट में पेंशन आनी थी। लेकिन पेंशन में देरी पर गुहिया पहाड़िया ने शंभु नामक शख्स से मुलाकात की और उसने काम करा देने की बात कही। बैंक में बताया गया कि आपके खाते में 7 लाख रुपया आया हुआ है लेकिन बचत खाता का स्टेटमेंट देने से टालता रहा। इधर शंभु ने ट्रैक्टर दिलाने का झांसा देते हुए 7 लाख की मांग की। उसने एसबीआई बोरियो से 7 लाख रूपये निकाल लिए लेकिन बैंक से कितना पैसा निकला इसकी जानकारी बैंक ने नहीं दी और न ही स्टेटमेंट दिया और पासबुक भी रखवा लिया।ब्यूरो





