प्रतिनिधि,जमशेदपुर।रेल डीजी अनिल पाल्टा के आदेश पर टाटानगर रेल पुलिस ने शनिवार से यात्री ट्रेनों में गांजा तस्करी के खिलाफ जांच अभियान शुरू कर दिया है। जिसके तहत रेल पुलिस द्वारा अलग से टीम भी बनाई गई है। जिसमें शामिल पुलिस अधिकारी और कर्मचारी सभी यात्री ट्रेनों पर नजर रख रहे हैं। साथ ही स्टेशन पर जांच करने के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर रेल मार्ग पर भी जांच करने के लिए कहा गया है। वहीं रेल डीजी अनिल पाल्टा ने कहा था कि उन्हें रेल मार्ग से गांजा की तस्करी करने की सूचना मिली है। जिसके बाद ही अभियान चलाने का फैसला लिया गया है। इसके लिए रेल पुलिस के साथ-साथ आरपीएफ को भी ड्यूटी पर लगाया गया है। साथ ही उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए गए हैं। अगर गांजा की तस्करी ट्रेन के पार्सल कोच से होती है तो इसमें रेल अधिकारियों की भी मिली-भगत हो सकती है। यह चर्चा जोरों पर है। रेल डीजी के आदेश पर सभी बिंदुओं पर गौर किया जा रहा है। इसके लिए टाटानगर पार्सल ऑफिस को भी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बीच-बीच में पार्सल ऑफिस में जांच अभियान चलाने को भी कहा गया है।