कानपुर।देश करीब पिछले डेढ़ साल से कोरोना महामारी का कहर झेल रहा है।इसी बीच देशवासियों को राहत देने वाली खबर है।कानपुर आईआईटी के वरिष्ठ वैज्ञानिक पद्मश्री प्रो मणींद्र अग्रवाल ने दावा किया है कि कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की संभावना अब न के बराबर है।प्रो अग्रवाल ने इसका मुख्य कारण बड़ी संख्या में वैक्सीनेशन होना बताया है।प्रो अग्रवाल ने गणितीय सूत्र मॉडल के आधार पर ये दावा किया है।प्रो अग्रवाल के मुताबिक संक्रमण की रफ्तार लगातार कम होती जायेगी।
प्रो अग्रवाल ने ये भी दावा किया है कि अक्टूबर तक यूपी, बिहार, दिल्ली और मध्य प्रदेश संक्रमण से लगभग मुक्त हो जाएंगे।
प्रोफेसर अग्रवाल ने अपने स्टडी में दावा किया है कि अक्टूबर तक देश में कोरोना के एक्टिव केस 15 हजार तक ही रहेंगे तो वही तमिलनाडु, तेलंगाना, केरल, कर्नाटक, असम, अरुणाचल समेत पूर्वोत्तर के राज्यों में संक्रमण की मौजूदगी रहेगी।
प्रो अग्रवाल ने अपने रिपोर्ट में बताया है कि अक्टूबर तक तक उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, मध्य प्रदेश में कोरोना के एक्टिव केस इकाई अंक तक पहुंच जाएंगे।आपको बता दें कि प्रोफेसर मणींद्र अग्रवाल कोरोना महामारी के समय लगातार अपनी स्टडी के जरिए सरकार को अलर्ट करते रहे हैं। प्रो अग्रवाल द्वारा दूसरी लहर का दावा काफी हद तक सही साबित हुआ। प्रो अग्रवाल के मुताबिक लॉकडाउन और वैक्सीनेशन का काफी लाभ मिलता हुआ दिखाई दे रहा है।दूसरी लहर के बाद अधिकतर लोगों में हर्ड इम्युनिटी बन गई है।तेजी से चल रहे टीका अभियान का प्रभाव भी महामारी को रोकने में कारगर रहेगा।





