लखनऊ।माफिया मुख्तार अंसारी के विधायक बेटे अब्बास अंसारी को कासगंज जेल में जान का खतरा सता रहा है।अब्बास अंसारी के परिजनों ने यूपी सरकार से कासगंज जेल में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की अपील की है।परिजनों ने अब्बास को कासगंज से किसी दूसरी जेल में ट्रांसफर करने की भी मांग की है। जेल ट्रांसफर और सुरक्षा को लेकर जल्द ही अब्बास अंसारी इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करेंगे।





भाई उमर अंसारी ने उत्तर प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर अब्बास की सुरक्षा की मांग की है।उन्होंने कासगंज जेल में बंद कुंटू सिंह के जरिए अब्बास अंसारी की हत्या करवाने की साजिश की भी आशंका जताई है।

उमर अंसारी ने प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर कासगंज से अब्बास अंसारी की जेल बदलने के लिए कहा है।उन्होंने मांग की है कि कासगंज जेल से अब्बास अंसारी का ट्रांसफर उत्तर प्रदेश की सीमा में मौजूद किसी अन्य जिला जेल या केंद्रीय कारागार में किया जाए।





विधायक अब्बास अंसारी जिस कासगंज जेल में बंद है, उसी जेल में यूपी का टॉप टेन अपराधी ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुंटू सिंह भी बंद है।माफिया कुंटू सिंह को मुख्तार अंसारी गिरोह का दुश्मन माना जाता है।मुख्तार अंसारी और कुंटू सिंह के गिरोह कई बार आमने सामने आकर एक दूसरे पर हमला कर चुके हैं। कुंटू सिंह पर पूर्व विधायक सर्वेश सिंह उर्फ सीपू सिंह की हत्या का आरोप है।





राजधानी लखनऊ में पिछले साल हुए चर्चित अजीत सिंह हत्याकांड में भी कुंटू सिंह का नाम सामने आया था।कुंटू सिंह को इस घटना का मास्टरमाइंड बताया गया था।माफिया कुंटू सिंह D-11 गैंग का लीडर भी है।आजमगढ़ की गैंगस्टर कोर्ट ने पिछले साल कुंटू सिंह को 10 साल कैद की सजा सुनाई थी। इसके बाद से कुंटू सिंह और उसके कई करीबी कासगंज जेल में ही बंद हैं। कुंटू सिंह से ही अब्बास अंसारी अपनी जान को खतरा सता रहा है।





अब्बास को आशंका है कि कुंटू सिंह जेल के कुछ लोगों के साथ मिलीभगत कर अब्बास अंसारी पर जानलेवा हमला करा सकता है।जेल में अब्बास अंसारी का उत्पीड़न करा सकता है। अब्बास ने कुंटू सिंह की वजह से ही अपनी जेल बदले जाने की मांग की है।इसके लिए अब्बास अंसारी की तरफ से हाईकोर्ट में दाखिल करने के लिए याचिका तैयार की जा रही है। इसे जल्द ही हाईकोर्ट में दाखिल किया जाएगा।इस याचिका में अब्बास अंसारी और कुंटू सिंह को अलग-अलग जेल में रखने की मांग हो सकती है।





बता दें कि आपराधिक मामलों में विधायक अब्‍बास अंसारी चित्रकूट की रगौली जेल में बंद थे।अवैध तरीके से पत्नी निकहत अंसारी से जेल में मुलाकात के बाद अब्बास अंसारी की जेल बदली गई है।निकहत को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि अब्बास को चित्रकूट से कासगंज जेल ट्रांसफर कर दिया गया।अब्बास को तीन दिन पहले ही चित्रकूट से कासगंज जेल ट्रांसफर किया गया है।अब्बास की पत्नी आज से पुलिस रिमांड पर है।अब्बास के परिवार ने कासगंज जेल में सुरक्षा को लेकर कई अफसरों को चिट्ठियां भेजी हैं।