विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत,परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप





ससुराल पक्ष मोटरसाइकिल और 2 लाख नगद की कर रहे थे मांग,2 वर्ष पूर्व हुई थी शादी





बेटी जनने को लेकर पति और ससुराल पक्ष के लोग करते थे प्रताड़ित





पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,पालोजोरी।खागा थाना क्षेत्र के कांकी पंचायत अंतर्गत कांकि राणा टोला में एक 19 वर्षीय विवाहित महिला की संदिग्ध हालात में ससुराल में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।घटना बुधवार की रात की बताई जा रही है।कांकी राणा टोला के घनश्याम मिस्त्री की 19 वर्षीय पत्नी पूनम देवी का शव घर के आंगन में पड़ा हुआ था। ग्रामीणों को इसकी जानकारी होने पर मृतका पूनम देवी के मायके वालों को इसकी सूचना दी।सूचना पाकर पूनम देवी का भाई मनमोहन राणा कांकी पहुंचा। पूनम देवी का मायका सारठ थाना के बगडबरा में है।मृतका के भाई मनमोहन राणा के आवेदन पर पुलिस ने कारवाई शुरू कर दी है।पुलिस ने सूचना पर घटनास्थल पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देवघर भेज दिया है।





मामले पर मनमोहन राणा के लिखित आवेदन में कहा है कि उसकी बहन पूनम देवी की शादी कांकी राणा टोला के घनश्याम राणा के साथ हुई थी।शादी में सामर्थ अनुसार दान दहेज देकर बहन को विदा किया,लेकिन शादी के कुछ दिनों बाद ही बहन पूनम के साथ उसके ससुराल वालों ने और दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।कई बार परिवार वालों और रिश्तेदारों को लेकर सुलह कराया गया,लेकिन हर बार 2 लाख रुपए और एक मोटर साइकिल को लेकर प्रताड़ना जारी रही। इसी बीच मुझे एक भांजी हुए परिवार के लोग बेटी जनने की बात पर भी और प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। बहन को यातना देने के लिए खाना पीना भी बंद कर दिया गया। प्रताड़ना का दौर इतना बढ़ गया की मेरे बहन को ससुराल वालो ने मार कर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया।





थाना को दिए लिखित आवेदन में मनमोहन राणा ने बताया है कि बुधवार की रात को पति घनश्याम राणा और परिवार के अन्य लोगों ने मिलकर गला दबाकर हत्या कर लाश को घर के आंगन में सुलाकर सभी फरार हो गए।पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है।