जमशेदपुर। सांसद विद्युत वरण महतो ने सोमवार लोकसभा सत्र में महत्वपूर्ण विषय आयुष्मान भारत योजना का मुद्दा उठाया। इस दौरान उन्होंने नियम 377 के अधीन सूचना के प्रावधान के तहत लोकसभा अध्यक्ष के माध्यम से विषय को उठाते हुए कहा कि आज आयुष्मान भारत योजना से देश के करोड़ों गरीब, वंचित, बीमारियों से पीड़ित परिवारों को उक्त योजना का लाभ मिल रहा है। साथ ही यह देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरगामी सोच और गरीबों के प्रति समर्पण को प्रतिबिंबित करता है।





उन्होंने कहा कि जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत कई ऐसे अस्पताल हैं, जिनका करोड़ों रुपए का भुगतान नहीं होने के कारण इन अस्पतालों में आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीबों का इलाज होना बंद हो गया है। जिसमें ऐसे अस्पताल ब्रह्मानंद अस्पताल, मेडीटीना हॉस्पिटल, दया हॉस्पिटल, अपूर्वा ईशान हॉस्पिटल, साकेत हॉस्पिटल, डॉ अभिषेक चाइल्ड केयर हॉस्पिटल, मेहरबाई टाटा कैंसर हॉस्पिटल और रवि मिश्रा यूरोलॉजी शामिल है।





सांसद ने कहा कि इस मामले को पिछले सत्र के दौरान भी उठाया गया था। साथ ही उन्होंने माननीय मंत्री, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने अपने पत्रांक अर्ध शासकीय पत्र संख्या एस -12012/57/2022 दिनांक 5 दिसंबर 2022 के माध्यम से सूचित किया है कि उपरोक्त संबंधित अस्पतालों का भुगतान किया जाएगा। मगर उक्त अस्पतालों का भुगतान अब तक नहीं होने से इलाज कराने वाले गरीब मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अतः स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री, भारत सरकार से अनुरोध करता हूं कि उपरोक्त अस्पतालों का आयुष्मान भारत योजना के तहत हुए इलाज की बकाया राशि का भुगतान अविलंब कराने की कृपा की जाय,ताकि इन अस्पतालों में विभिन्न बीमारियों से पीड़ित गरीब परिवारों का समुचित इलाज हो सके।