प्रतिनिधि,जमशेदपुर।साकची थाना अंतर्गत धालभूम क्लब के पास स्थित जिला जज के घर के पास मंगलवार की दोपहर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो छात्रों को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार छात्र गिरकर घायल हो गए। घटना में एक छात्र को हल्की चोट लगी। जबकि दूसरे छात्र साकची काशीडीह निवासी कुश तिवारी को गंभीर चोटें आई है। वहीं घटना की सूचना पाकर पीसीआर वैन के पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेते हुए कार को जब्त कर लिया। साथ ही घायल छात्र को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंची।
इस दौरान घटना की सूचना पाकर छात्र के परिजन भी अस्पताल पहुंचे और उसे वहां से रेफर करवाकर बेहतर इलाज के लिए टीएमएच ले गए। मामले में बताया जा रहा है कि तीन छात्र दो बाइक से परीक्षा देने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान जिला जज के घर के पास कार ने पीछे से एक बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें दोनों छात्र घायल हो गए। कम चोट लगने के कारण दूसरा छात्र परीक्षा देने के लिए अपने साथी के साथ चला गया। जबकि कुश को पुलिस इलाज कराने के लिए अस्पताल लेकर आ गई। फिलहाल घायल छात्र का इलाज टीएमएच में चल रहा है।





