प्रतिनिधि,जमशेदपुर। श्री श्री साकची शिव मंदिर एवं श्री श्याम परिवार का 34वां श्री श्री श्याम महोत्सव 1 फरवरी बुधवार को धूमधाम से मनाने की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। मंदिर समिति की महिला एवं युवाओं की टीम द्वारा दो दिनों से निशान को तैयार किया जा रहा हैं। श्याम नाम की ध्वजा लिए शोभा यात्रा में 1100 भक्त निशान के साथ शामिल होंगें।
महोत्सव से एक दिन पहले मंगलवार 31 जनवरी को 31 महिलाओं की टीम द्वारा मेंहदी उत्सव (मेंहदी श्याम नाम की) का आयोजन साकची शिव मंदिर के प्रथम तल्ले पर होगा। इसका आयोजन सुबह 11 से शाम सात बजे तक होगा। श्याम नाम की मेंहदी लगवाने के लिए लगभग 300 से अधिक महिलाएं शामिल होगी। 151 मोर पंख से एक बड़ा निशान महिलाओं द्वारा सजाया जायेगा। जिसे शोभा यात्रा में महिलाएं लेकर चलेंगी।
मंगलवार की शाम को पांच बजे से राधा-रानी टीम की महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन के साथ नृत्य कर बाबा का रिझाया जायेगा। फूलों की होली भी खेली जायेगी। बुधवार 1 फरवरी को बाबा के दरबार में भजनों की अमृत वर्षा करने के लिए प्रसिद्ध भजन गायक जयपुर से उमा लहरी, कोलकाता से राज पारीक शहर आ रहे हैं। साथ ही स्थानीय भजन गायक कृष्णा मूर्ति भी बाबा के दरबार में हाजरी लगायेंगें। रात 9 बजे से देर रात प्रभु इच्छा तक भजनों की अमृत वर्षा होगी। महोत्सव का मुख्य आकर्षण क्रमशः, भव्य दरबार, आलौकिक श्रृंगार, छप्पन भोग, अखण्ड ज्योत, विशाल संकीर्तन होगा।





