प्रतिनिधि,साहिबगंज। झारखंड के साहिबगंज जिले में हुए रेबीका हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी मैनुल अंसारी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के लिए साहिबगंज पुलिस ने दिल्ली पुलिस की मदद ली है। मैनुल पर आरोप है कि रेबिका की हत्या के बाद शव टुकड़े-टुकड़े कर जिले के विभिन्न इलाकों में फेंक दिया और बोरियो से फरार हो गया। मैनुल के गिरफ्तारी की पुष्टि आरक्षी अधीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा ने की है। उन्होंने बताया की मैनुल के दोनों बेटों को भी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया है। आरक्षी अधीक्षक ने बताया कि बोरियो थाना के प्रभारी जगरनाथ पान मैनुल की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली गए थे।





17 दिसंबर 2022 को हुई थी रेबिका की हत्या





17 दिसंबर 2022 को साहिबगंज के बोरियो प्रखंड अंतर्गत संथाली मोमिन टोला के नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र से रेबिका पहाड़िया के शव के टुकड़े मिले थे। मृतिका की बड़ी बहन गोड़ापहाड़ निवासी शिला पहाड़िया ने शव की शिनाख्त की थी। बता दें कि 17 दिसंबर को शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात रेबिका से विवाद होने के बाद दिलदार अंसारी, उसके मामा मैनुल अंसारी और उसके परिजनों ने कथित रूप से रेबिका पहाड़िया की हत्या को अंजाम दिया था। पहले स्थानीय निवासियों ने जिले के बोरियो इलाके में पीड़िता के शव को टुकड़ों में देखा था, जिन्हें कुत्ते घसीट रहे थे। बाद में पुलिस को मामले के बारे में सूचित किया गया था। दिल्ली में श्रद्धा वालकर हत्याकांड की तर्ज पर हुई।इस वारदात से जिलेवासी अभी भी हैरान हैं। 22 वर्षीय पीड़िता रबिका पहाड़िया 28 वर्षीय दिलदार अंसारी की दूसरी पत्नी थी, जो आदिम पहाड़िया जनजाति से थी। मामले की जांच चल रही थी।





पहले भी हुई थी परिजनों की गिरफ्तारी





पुलिस इस मामले में रेबिका के पति दिलदार अंसारी, पहली पत्नी शरीजा खातून, भाई मोहम्मद महताब अंसारी, आमिर हुसैन, बहन गुलेरा खातून, मां मरियम निशा, पिता मुस्तकीम अंसारी, जरीना खातून, मैनुल की पत्नी शहरबानो खातून को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।