प्रतिनिधि,जमशेदपुर।खतियानी जोहार यात्रा के क्रम में राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का 30 और 31 जनवरी को पूर्वी सिंहभूम जिला में कार्यक्रम तय हुआ है। जिसको लेकर जिला प्रशासन तैयारियों की लगातार समीक्षा कर रहा है। शहर में जहां-जहां सीएम का कार्यक्रम होगा।उस जगह पर जाकर उपायुक्त विजया जाधव खुद से निरीक्षण कर रहीं है।
बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में सीएम हेमंत सोरेन सभा को संबोधित करेंगे। साथ ही सीएम कदमा फार्म एरिया रोड नंबर 23 स्थित डीबीएमएस स्कूल परिसर में अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे। जिसके तहत शनिवार जिला प्रशासन ने टाटा स्टील के सहयोग से कदमा बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
शनिवार सुबह 11 से शाम 4 बजे के बीच लगभग 40 अवैध दुकानों को जिला प्रशासन ने दो बुलडोजर की मदद से जमींदोज कर दिया।जमीदोज की गई दुकानों में पूजा सामग्री की दुकान, अंडा दुकान, फल दुकान, सैलून, आलू प्याज के गोदाम, चिकन दुकान, गैरेज और नाश्ता की दुकान शामिल थी।
इस मौके पर जमशेदपुर अक्षेस विभाग के सीटी मैनेजर रवि भारती, सोनल सिंह समेत उड़नदस्ता की टीम ने मोर्चा संभाल रखा था। जिसकी मदद टाटा स्टील सिक्योरिटी द्वारा किया जा रहा था। अभियान के दौरान जहां एक तरफ लोगों का कहना था कि जिला प्रशासन ने अवैध दुकानों को हटाकर उन्हें जाम से मुक्ति दिलाई है। रोड के दोनों तरफ दुकान होने से सुबह शाम लगातार जाम की स्थिति बनी रहती थी। खासकर सुबह बच्चों को स्कूल छोड़ने और छुट्टी के समय लेकर जाने के समय इन दुकानों के कारण पूरी सड़क भयंकर रूप से जाम हो जाती थी। जिसका खामियाजा छोटे-छोटे बच्चों को खाना पड़ता था। टाटा स्टील के क्वार्टर में रहने वाले कर्मचारियों का कहना था कि अवैध रूप से लगे हुए दुकानों के कारण वे अपनी खिड़की तक नहीं खोल पाते थे। साथ ही गंदगी के कारण होने वाली बदबू से वे काफी परेशान भी थे। जबकि दूसरी तरफ उजड़े हुए दुकानदारों का कहना है कि साजिश के तहत उनकी दुकानों को तोड़ा गया है। सीएम के कार्यक्रम ने दुकानदारों से उनकी रोजी-रोटी छीन ली है। जिससे सैकड़ों गरीब परिवार प्रभावित होंगे। एक तरफ तो मुख्यमंत्री राज्य के लोगों को रोजगार देने की बात कहते हैं। जबकि दूसरी तरफ कार्यक्रम की आड़ में उन्हीं के रोजगार को छीना जा रहा है। यह कैसा न्याय है।
इस दौरान उजड़े हुए दुकानदारों ने जिला प्रशासन पर भेदभाव का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि उनकी दुकानें तो तोड़ दी गई। मगर फार्म एरिया 8 नंबर रोड के पास लगे चिकन दुकानों को जिला प्रशासन ने छुआ तक नहीं। इससे जिला प्रशासन की दोहरी मानसिकता झलकती है। ऐसा कयास लगाया जा रहा है कि संभवतः मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अतिक्रमण हटाए गए रास्ते से ही शहीद निर्मल महतो की समाधि पर श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचेंगे। वहीं सूत्रों से पता चला है कि सीएम के कार्यक्रम के बाद तोड़ी गई दुकानें फिर से अपनी जगह पर सज जाएगी। फिलहाल सीएम के आगमन को लेकर शहर में जोर शोर से तैयारियां चल रही है।





