प्रतिनिधि,जमशेदपुर।सीतारामडेरा थाना अंतर्गत सिविल कोर्ट परिसर से शनिवार हथियार के साथ गिरफ्तारी के मामले में पुलिस ने एएसआई सुदर्शन कुमार सुमन के बयान पर अंशु चौहान समेत कुल पांच आरोपी के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। जिसमें भुइयांडीह लाइन नंबर 4 निवासी आयुश चौहान उर्फ अंशु चौहान, बागबेड़ा प्रधान टोला निवासी कन्हैया सिंह, जुगसलाई काली मंदिर रोड का रहने वाला वंशी सिंह उर्फ पोलू, बागबेड़ा प्रधान टोला का आशीष तिवारी और सिदगोड़ा बुलू तिवारी उर्फ अजय तिवारी शामिल है।
अंशु चौहान शनिवार लोडेड हथियार के साथ कोर्ट का मेन गेट पार कर अंदर के गेट पर पहुंचा। जहां जांच के दौरान वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। वैसे तो घटना के समय कई पुलिसवाले ड्यूटी पर तैनात थे। मगर एएसआई सुदर्शन कुमार सुमन ने अकेले ही उसे खदेड़कर दबोच लिया। जिसपर एसएसपी ने एएसआई को रिवार्ड देने की घोषणा भी की है।
आरोपी अंशु चौहान उस दिन कोर्ट में कन्हैया सिंह की जमानत पर सुनवाई की जानकारी के लिए आया हुआ था। कन्हैया सिंह के खिलाफ एक जनवरी 2023 को बागबेड़ा और जुगसलाई थाने में लूट व फायरिंग करने का मामला दर्ज हुआ था। जिसमें उसकी जमानत पर कोर्ट में सुनवाई होने वाली थी। जबकि 2020 सीतारामडेरा नीतिबाग कॉलोनी में डॉन अखिलेश सिंह और सुधीर दुबे गिरोह के बीच हुए गैंगवार में अंशु चौहान जेल भी गया था। पुलिस ने मौके पर उसके पास से 7.65 एम की देशी पिस्टल, मैगजीन और 7 जिंदा कारतूस बरामद किया था। फिलहाल पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।





