प्रतिनिधि,जमशेदपुर।पेंशन योजना का लाभ लेने से वंचित सुयोग्य लोगों को योजना से जोड़ने के लिए जिले के पांच प्रखंड मुसाबनी, घाटशिला, गोलमुरी-सह- जुगसलाई, मानगो और चाकुलिया में 15 से 20 फरवरी तक सर्वजन पेंशन शिविर का आयोजन किया जा रहा है।





शिविर को लेकर लोगों में जागरूकता लाने के साथ साथ ज्यादा से ज्यादा लोग शिविर में पहुंचें, इस उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय परिसर से धालभूम अनुमंडल के प्रखंडों के लिए प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर डीआरडीए निदेशक सौरभ सिन्हा, जिला योजना पदाधिकारी अरूण द्विवेदी और सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नेहा संजना खलखो ने संयुक्त रूप से रवाना किया।





इस दौरान सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा ने बताया कि उक्त पांच प्रखंडों में लक्ष्य के अनुरूप पेंशन योजना से लाभुक आच्छादित नहीं हो पाए हैं। जिसको देखते हुए विशेष तौर पर उपायुक्त के आदेश पर शिविर का आयोजन हो रहा है। उपायुक्त द्वारा शिविर के सफल आयोजन के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी मुसाबनी, घाटशिला, गोलमुरी-सह- जुगसलाई तथा अंचल अधिकारी चाकुलिया, मानगो जमशेदपुर को निर्देश दिया गया है।