प्रतिनिधि,दुमका।जिले के अंतर्गत सुदूरवर्ती तथा पहाड़ियों पर अवस्थित ग्रामों में अन्य मूलभूत सुविधाओं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न प्रखंडों के विभिन्न गांव में वरीय पदाधिकारियों के नेतृत्व में टीम स्थानीय ग्रामीणों से मिलकर उनके समस्याओं से अवगत हो रहे हैं तथा योजनाओं की समुचित निगरानी, पर्यवेक्षण एवं आवश्यक योजनाओं को चिन्हित करने की कार्रवाई की जा रही है। दुमका जिले के 16 पंचायतों के सुदूरवर्ती ग्रामों में 16 एवं 17 जून को पदाधिकारियों द्वारा भ्रमण तथा जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।





इस अभियान के तहत शुक्रवार एवं आज शनिवार को चिन्हित ग्रामों में जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।इन 2 दिनों में उप विकास आयुक्त द्वारा मसलिया प्रखंड के कोलारकोंदा एवं कुसुम घटा पंचायत के बसमाता, लोपसापाडा एवं रामपुर ग्राम का दौरा किया गया। अपर समाहर्ता दुमका द्वारा रामगढ़ प्रखंड के आमडा पहाड़ी, भातुडीहा एवं पंचायत के कोरासोल, कचवा एवं मोहुलबना ग्राम का भ्रमण कर योग्य लाभुकों को चिन्हित भी किया गया। इसी क्रम में सहायक समाहर्ता, निदेशक डीआरडीए, अनुमंडल पदाधिकारी सहित अन्य वरीय अधिकारियों के नेतृत्व में सुदूरवर्ती तथा पहाड़ियों पर अवस्थित ग्रामों के स्थानीय लोगों से मिलकर उन्हें सरकार की योजनाओं से अवगत कराया गया तथा उनकी समस्याओं से अवगत होते हुए निराकरण की कार्यवाही की गई। जिला प्रशासन का प्रयास है कि सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।





अधिकारियों की ओर से योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया।ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, आंगनबाड़ी, मनरेगा संबंधी शिकायतों अधिकारियों के समक्ष रखी, जिनमें कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं के संबंध में जन जागरुकता को बढ़ावा देना है। वहीं जन मानस की समस्याओं, शिकायतों का त्वरित निष्पादन करना है। सरकार के द्वारा कई योजनाओं का संचालन किया जा रहा है, लेकिन ग्राम स्तर पर जानकारी नहीं रहने के कारण इन योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता है।