रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के ऐतिहासिक तेलीबांधा चौक का नाम बदलने को लेकर पिछले कुछ दिनों से शहर में विभिन्न चर्चाओं और अफवाहों का बाजार गर्म था। इन तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बड़ा बयान जारी कर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा है कि तेलीबांधा चौक का नाम बिल्कुल नहीं बदला जा रहा है और न ही इसके मूल स्वरूप के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ की जाएगी।

'सेवा ज्योति संकल्प चौक' के रूप में होगा विकास

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट किया कि प्रदेश के 38 स्थानों को ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के तहत विकसित किए जाने की घोषणा की गई है, जिसमें रायपुर का तेलीबांधा चौक भी शामिल है। इसे लेकर किसी को भी किसी तरह के भ्रम में नहीं रहना चाहिए। चौक का नाम पूरी तरह यथावत रहेगा, इसे केवल ‘सेवा ज्योति संकल्प’ की भावना के अनुरूप सुंदरता और सुविधाओं के साथ विकसित किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन (मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में) के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरे देश में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ में इसे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मनाया जा रहा है।

इसे भी पढ़ेंः सुप्रीम कोर्ट का कड़ा रुख: ट्रैफिक ई-चालान न भरने वालों की गाड़ियां होंगी जब्त, RC और ऑनलाइन सेवाएं होंगी फ्रीज

दुर्ग में जारी होगी महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त

इसी कड़ी में आज दुर्ग जिले में आयोजित ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रदेश की माताओं-बहनों के लिए महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी करेंगे। मुख्यमंत्री ने इस विशेष अवसर पर प्रदेश की सभी माताओं-बहनों को अपनी शुभकामनाएं दी हैं और दुर्ग जिले को कई विकास कार्यों की सौगात भी मिलने की बात कही है।

डिप्टी सीएम अरुण साव ने क्या कहा?

सरगुजा दौरे पर गए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर इन अफवाहों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि तेलीबांधा चौक से साहू समाज का मान-सम्मान और पहचान जुड़ी हुई है, जो हमारे पुरखों की थाती है।

डिप्टी सीएम ने कहा कि रायपुर नगर निगम और महापौर मीनल चौबे ने भी स्थिति साफ कर दी है कि तेलीबांधा तालाब के दोनों ओर स्थित किसी भी चौक के नामकरण से कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है और न ही ऐसा कोई प्रस्ताव है। प्रस्तावित ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ नेशनल हाईवे रिंग रोड के समीप खाली भूमि के टुकड़े पर विकसित किया जा रहा है।

इसे भी पढ़ेंः फॉर्म-6 पर सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी से बढ़ीं CEC ज्ञानेश कुमार की मुश्किलें, 19 विपक्षी दलों का सड़क पर संग्राम

#विष्णुदेवसाय #अरुणसाव #रायपुर #तेलीबांधाचौक #छत्तीसगढ़न्यूज़ #महतारीवंदनयोजना #भ्रामकखबरें #छत्तीसगढ़राजनीति

#VishnudeoSai #ArunSao #Raipur #TelibandhaChowk #ChhattisgarhNews #MahtariVandanYojana #FakeNewsAlert #ChhattisgarhPolitics