रांची।भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने शुक्रवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बनाने के बाद रांची में कहा कि ओस की वजह से परिस्थितियां अनुकूल नहीं थीं लेकिन पूरी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया।भारतीय गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड को छह विकेट पर 153 रन ही बनाने दिए।रोहित और केएल राहुल ने पहले विकेट के लिए 117 रन की साझेदार पारी खेलकर टीम को आसान जीत की ओर अग्रसर किया।

रोहित ने कहा कि मैच के दौरान ओस की वजह से परिस्थितयां आसान नहीं थीं,लेकिन पूरी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया।बल्लेबाजी के लिए हम न्यूजीलैंड की काबिलियत को जानते हैं,पर हमें अपने स्पिनरों की क्षमता का भी पता है,मैं उनसे कहता रहा कि बस एक विकेट निकालकर हम उन पर लगाम कस सकते हैं।

रोहित ने बेंच स्ट्रेंथ की तारीफ करते हुए कहा कि बेंच स्ट्रेंथ के खिलाड़ी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं इसलिए मैदान पर खिलाड़ियों पर दबाव बना रहता है।हमारे लिए खिलाड़ियों को खुलकर खेलने की आजादी देना अहम था।ये युवा टीम है जिसमें से काफी ने ज्यादा मैच नहीं खेले हैं।

रोहित ने कहा कि टी20 सीरीज का अंतिम मैच रविवार को कोलकाता में खेला जाएगा।टीम में बदलाव के बारे में अभी कुछ नहीं सोचा है।टीम के लिए जो सही होगा हम करने की कोशिश करेंगे।

रोहित ने हर्षल की जमकर तारीफ की और कहा कि हर्षल पटेल ने डेब्यू के दौरान अच्छा प्रदर्शन किया और 25 रन देकर दो विकेट चटकाए। हर्षल पटेल कई बार ऐसा कर चुका है, वह कई सालों से फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेल रहा है।वह जानता कि वह क्या करना चाहता है।प्लेयर ऑफ द मैच’ रहे हर्षल पटेल ने कहा कि इससे बेहतर डेब्यू की उम्मीद नहीं कर सकता था। प्रगति धीरे-धीरे होती है और उस खिलाड़ी के लिए जो मेरी तरह इतना प्रतिभाशाली नहीं हो।

न्यूजीलैंड के कप्तान टिम साउदी ने जीत का श्रेय भारत को देते हुए कहा कि पूरा श्रेय भारत को जाता है जिसने पूरे मैच में इतना शानदार प्रदर्शन किया।मैच शुरू होने से पहले ही ओस गिरनी शुरू हो गई थी।साऊदी ने कहा कि हम जानते थे कि ओस होगी और ऐसा दोनों टीमों के लिए ही था।हम जब पहुंचे तो मैच पर ओस शुरुआत से ही थी लेकिन उन्होंने आज बेहतरीन खेल दिखाया।