झारखंड के हजारीबाग में 70 हजार रुपए घूस लेते हुए भवन निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर रामदेव पटेल को बुधवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने गिरफ्तार किया है।सिविल कोर्ट परिसर में अप्रोच रोड पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य का अंतिम बिल फाइनल करने के नाम पर जेई पटेल ने ठेकेदार सफिउल्लाह से एक लाख रुपए की मांग की थी और ठेकेदार घूस नहीं देना चाह रहा था। घूस न देने पर जेई ठेकेदार को बार-बार बिल फाइनल करने के लिए दौड़ा रहा था। ठेकेदार सफिउल्लाह तंग आकर एसीबी एसपी के नाम आवेदन दिया।

आवेदन मिलते ही एसीबी की टीम ने जांच पड़ताल शुरू की।जांच में शिकायत सही पायी गई। इसके बाद एसीबी ने ट्रैप टीम का गठन किया।बुधवार की सुबह ठेकेदार सफिउल्लाह ने जूनियर इंजीनियर को 70 हजार रुपया बतौर घूस दे रहा था।इसी दौरान एसीबी के ट्रैप टीम ने 70 हजार रुपये घूस लेते जेई रामदेव पटेल को गिरफ्तार कर लिया।

लाइफ एंड कंपनी के ठेेकेदार को कार्यादेश संख्या 870-21 ने सिविल कोर्ट में अप्रोच रोड मालखाना भवन और प्रशासनिक भवन के बीच पेवर्स ब्लॉक लगाने का कार्य मिला था। जिसकी प्राकल्लित राशि 40 लाख 90 हजार 500 रुपए थी।पेवर्स लगाने का कार्य पूरा हो गया था।इसका सुपरविजन भवन निर्माण विभाग एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर ने किया था।ठेकेदार को अंतिम बिल भुगतान नहीं किया गया था।इसी बिल भुगतान करने के एवज में जेई पटेल ने एक लाख रुपए की घूस मांगी थी।

इस संबंध में एसीबी डीएसपी विजय शंकर ने बताया कि मटवारी स्थित एके इंटरनेशनल होटल में भवन निर्माण विभाग की पार्टी चल रही थी।जेई पटेल ने पार्टी छोड़कर होटल से नीचे उतरा जैसे ही ठेकेदार के हाथ से घूस का रुपया लेने लगा, उसी समय पहले से तैयार एसीबी की टीम ने 70 हजार रुपये लेते हुए धर दबोचा।