झारखंड के रामगढ़ जिले से एक दुस्साहसिक मामला सामने आया है।जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र के सेंट्रल सौंदा स्टाफ क्वार्टर में अपराधियों ने 55 वर्षीय कांग्रेस नेता कमलेश नारायण शर्मा के घर में घुसकर उनकी हत्या कर दी है।घटना बीती रात की है लेकिन पुलिस और स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी आज सुबह हुई।अपराधियों के हमले में कांग्रेस नेता की 50 वर्षीय पत्नी चंचला शर्मा भी गंभीर रूप से घायल हैं।चंचला के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट आई हैं।गंभीर चोट की वजह से उनको इलाज के लिए रांची रिम्स ले जाया गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक कमलेश नारायण शर्मा रामगढ़ जिला कांग्रेस के महामंत्री और पतरातू प्रखंड युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रहे थे।कमलेश सहारा इंडिया की भुरकुंडा शाखा में सेक्टर मैनेजर थे।हत्या का कारण क्या है और इसके पीछे कौन हैं, इसके बारे में पुलिस अभी कुछ नहीं बता पा रही है।पुलिस ने कमलेश का शव पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक घटनास्थल के निरीक्षण से ऐसा लगता है कि अपराधियों ने कांग्रेस नेता के सेंट्रल सौंदा कोलियरी घर की खिड़की का ग्रिल काटकर अंदर घुसे थे।भुरकुंडा पुलिस को इसकी सूचना आज सुबह लगभग छह बजे मिली।पुलिस कांग्रेस नेता की पत्नी चंचला शर्मा के होश में आने का इंतजार कर रही है, ताकि घटना के बारे में पूरी जानकारी मिल सके।
घटना को लेकर स्थानीय कार्यकतार्ओं में काफी आक्रोश है।लोगों का आरोप है कि पुलिस क्षेत्र में अपराध की बढ़ती घटनाओं को रोकने में असफल रही है।





