धनबाद।महापर्व छठ में उत्तर बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। रेलवे ने धनबाद में रहने वाले उत्तर बिहार के लोगों को बड़ी राहत देते हुए छठ में स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। 6 और 13 नवंबर को धनबाद से सीतामढ़ी के लिए स्पेशल ट्रेन चलेगी। धनबाद-सीतामढ़ी छठ स्पेशल की बुकिंग मंगलवार शाम ही शुरू कर दी गई।

सीनियर डीसीएम अखिलेश कुमार पांडेय ने स्पेशल ट्रेन चलने की जानकारी देते हुए बताया कि ट्रेन
03397-03388 धनबाद और सीतामढ़ी के बीच दो फेरे लगाएगी। छह और 13 नवंबर को धनबाद से और सात और 14 नवंबर को छठ स्पेशल ट्रेन सीतामढ़ी से चलाई जाएगी।
ट्रेन में छह जनरल बोगियों के साथ नौ स्लीपर, चार थ्री एसी और दो टू एसी के अलावा एक फर्स्ट व दो एसएलआर बोगियां होंगी। इस ट्रेन को पटना इंटरसिटी की रेक से चलाई जाएगी।

रेक की कमी की वजह से मुख्यालय से धनबाद-सीतामढ़ी स्पेशल को मंजूरी नहीं मिल रही थी। डीआरएम आशीष बंसल के प्रस्ताव पर रविवार को नहीं चलने वाली धनबाद-पटना एक्सप्रेस की रेक से इस स्पेशल ट्रेन को चलाने की मंजूरी दी। ये ट्रेन इसी रूट पर चलने वाली हैदराबाद-रक्सौल स्पेशल से सस्ती है। धनबाद-सीतामढ़ी से धनबाद से सीतामढ़ी जाने में सेकंड सीटिंग में हैदराबाद-रक्सौल के समान किराया लेगा जबकि स्लीपर में 25 रुपए कम, थर्ड एसी में 60 रुपए कम और सेकंड एसी में 90 रुपए कम किराया रखा गया है।

आपको बता दें कि ये ट्रेन 12 घंटे में धनबाद से सीतामढ़ी पहुंचेगी। 03397 धनबाद-सीतामढ़ी छठ स्पेशल ट्रेन छह और 13 नवंबर को शाम 6.30 बजे धनबाद से खुलेगी। रास्ते में बराकर, चित्तरंजन, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, किऊल, बरौनी, बछवाड़ा, दलसिंहसराय, समस्तीपुर (सुबह 3.10 बजे), लहरिया सराय, दरभंगा (सुबह 4.25 बजे), कमतौल, जनकपुर रोड पर रुकते हुए सुबह 6.30 बजे सीतामढ़ी पहुंचेगी। वापसी में 03398 छठ स्पेशल 7 और 14 नवंबर को सुबह 9.30 बजे सीतामढ़ी से खुलेगी और रात 11 बजे धनबाद आएगी।