झारखंड की राजधानी रांची के संत जेवियर कॉलेज की बीए पार्ट वन की छात्रा ने गुरूवार को लालपुर सब्जी मार्केट के एक 15 वीं मंजिल के एक अपार्टमेंट से कूदकर अपनी जान दे दी।छात्रा विनिता कुमारी बरियातू न्यू हिल एरिया की रहने वाली थी और जेवियर कॉलेज में समाजशास्त्र की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि छात्रा काफी तनाव में थी।आशंका है कि तनाव में आकर छात्रा ने कूद कर जान दी होगी।



मिली जानकारी के मुताबिक गुरूवार की दोपहर छात्रा बैग लेकर सीधे अपार्टमेंट में घुसी और 15वीं मंजिल पर पहुंचकर नीचे कूद गयी।छात्रा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद लालपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।पुलिस को छात्रा के शव पास एक सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।



पुलिस को छात्रा के शव के पास से मिले सुसाइड नोट में छात्रा ने लिखा है कि मैं अपनी जिंदगी से ऊब चुकी हूं। पढ़ना चाहती हूं, मगर पढ़ाई में मन नहीं लगता। कुछ करना चाहती हूं, कर नहीं पाती हूं। कुछ काम होता है, लेकिन उसमें बहुत देर हो जाती है। इसलिए मैं आत्महत्या कर रही हूं। इधर, पुलिस सुसाइड नोट की जांच कर रही है।



पुलिस ये पता कर रही है कि छात्रा ने जब्त नोट खुद लिखा है या फिर किसी और ने लिखा है। अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में छात्रा की कूदकर जान देने की घटना कैद हो गई है।सीसीटीवी फुटेज के अनुसार विनिता पीठ पर एक बैग टांगकर अपार्टमेंट के अंदर जाते हुए दिख रही है। जाने के लगभग 20 मिनट बाद ही वह अपार्टमेंट के सबसे ऊपरी तल्ले से कूद गई। हालांकि विनिता जब अपार्टमेंट के अंदर घुसी, तब उसे तैनात गार्ड ने न तो रोका और न ही टोका। वह सीधे 15वीं मंजिल पहुंच गई और वहां से कूदकर अपनी जान दे दी।