रांची।सूबे की राजधानी रांची में एक बार फिर से कोरोना का बम फूटा है।रांची और हटिया रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के यात्रियों की कोरोना जांच में 65 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।हटिया रेलवे स्टेशन पर हुई कोरोना जांच में 55 संक्रमित मिले जबकि 10 रांची रेलवे स्टेशन पर हुई जांच में संक्रमित मिले।ये यात्री पुरी-हटिया तपस्विनी एक्सप्रेस,जम्मूतवी-हटिया-संबलपुर एक्सप्रेस और राउरकेला-हटिया पैसेंजर ट्रेन से पहुंचे थे। तीनों ट्रेनों से कुल 1508 यात्री पहुंचे, इनमें 704 की एंटीजेन और 754 की आरटीपीसीआर जांच की गयी। हालांकि किसी संक्रमित को रोका नहीं गया।सभी को घर भेज दिया गया। वैसे पूरे राज्य में 68 संक्रमित मिले हैं। तीन की पहचान मोबाइल टेस्टिंग से हुई है। ट्रेनों के यात्री जिस जिले के होंगे, संबंधित जिला प्रशासन उन्हें ट्रेस कर अस्पताल में भर्ती कराएगा। किसी को होम आइसोलेशन में रहने की अनुमति नहीं है।
रांची जिले में शनिवार को कुल 27 संक्रमितों की पहचान हुई। इसके साथ ही रांची में एक्टिव केस की संख्या फिर सौ पार करते हुए 117 पर पहुंच गई। शनिवार को आठ लोगों ने कोरोना को मात भी दी।
शुक्रवार को कुल संक्रमित मिले लोगों में धनबाद, रांची,गुमला,गढ़वा,खूंटी,जमशेदपुर,पलामू, लातेहार और लोहरदगा के मरीज थे। इसके अलावा कई ने अपना पता सुंदरगढ़, पुरुलिया, पटना, भुवनेश्वर, औरंगाबाद, शाहपुर भी दर्ज कराया है। दूसरे राज्यों के मरीजों को भी ट्रेस करने को कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में वे यहां आकर अपना काम कर दूसरों के संपर्क में आ रहे हैं। इससे संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ रहा है।
राजधानी रांची के सिविल सर्जन डॉ. विनोद कुमार ने कहा कि अभी तक एक भी मरीज अस्पताल नहीं पहुंचे हैं, जबकि अस्पतालों में इलाज की पूरी व्यवस्था है। जो भी पॉजिटिव मिल रहे हैं, अपना नंबर बंद कर ले रहे हैं, ऐसे में उन्हें ट्रेस करना मुश्किल हो रहा है। एनएचएम के निदेशक भूवनेश प्रताप सिंह ने कहा है कि जिलों को अधिक से अधिक संख्या में जांच के आदेश दिए गए हैं। स्टेशनों परजांच की जा रही है। ट्रेनों से लौट रहे यात्रियों की जांच के आदेश दिए गए हैं। संक्रमितों को ट्रेस कर अस्पताल में भर्ती करने के आदेश सभी डीसी को दिया गया है।
त्योहार में बरतें ये खास सावधानी
बिना मास्क के बाहर न निकलें और सेनेटाइजर का इस्तेमाल करें।भीड़भाड़ में बिल्कुल न जाएं हाथों को लगातार धोते रहें।बाहर से आई सब्जी और फल को बिना धोए इस्तेमाल न करें।किसी तरह के लक्षण दिखने पर तुरंत कोरोना जांच कराएं।कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज हर हाल में लगवाएं।
त्योहारों के दौरान ट्रेन, बस और प्लेन से आने जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ी है।इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों को जांच बढ़ाने के निर्देश दिए थे, लेकिन जांच में अब तक तेजी नहीं आई है। कोरोना की दूसरे लहर के पीक में जहां करीब 60 हजार औसतन जांच किए जा रहे थे, अब यह संख्या घटकर आधी हो गई है। वर्तमान में पूरे राज्य में प्रतिदिन करीब 30 से 35 हजार सैंपल की ही टेस्टिंग हो रही है। इसके अलावा रांची, हटिया स्टेशन के अलावा अन्य छोटे स्टेशनों में उतरने वाले यात्रियों की जांच में भी सुस्ती देखी जा रही है। वहीं बस स्टैंड में जांच नहीं के बराबर है।





