रांची।सूबे में पंचायत चुनाव दिसंबर महीने में होने की पूरी संभावनाओं के बीच हेमंत सोरेन सरकार ने बीस सूत्री कमेटियों के गठन को अंतिम रूप देने का फैसला लिया है।दो से तीन दिनों में सभी जिला बीस सूत्री कमेटियों के अध्यक्षों के नाम तय हो जाएंगे।सरकार पंचायत चुनाव की अधिसूचना के पहले बीस सूत्री कमेटियों का गठन कर इसकी अधिसूचना जारी करेगी।
इस कमेटियों में बड़े पैमाने पर राजनीतिक कार्यकर्ताओं को जगह दी जाएगी और बाकी कार्यकर्ता चुनाव के मैदान में उतरेंगे। 30 अक्टूबर तक बीस सूत्री कमेटियों को लेकर अधिसूचना जारी होने की पूरी संभावना है। दिवाली के आसपास पंचायत चुनाव की भी अधिसूचना जारी हो सकती है।
सूत्रों के मुताबिक राज्य के 24 जिलों में 13 जिलों में बीस सूत्री अध्यक्ष झामुमो कोटे से होंगे और दस जिलों में कांग्रेस के कोटे से होंगे।एक जिला राजद को मिला है।इस बंटवारे के आधार पर तीनों दलों ने अपनी-अपनी तरफ से नामों को चयन कर लिया हैं और इस पर सीएम हेमंत सोरेन की सहमति लेकर अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक अब तक नाम चयन करने में पीछे चल रही कांग्रेस ने भी अंतिम तौर पर नामों को तय कर लिया हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि दो से तीन दिनों में इस पर फैसला कर लिया जाएगा।
पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद आचार संहिता लग जाने से इसकी घोषणा नही हो पाएगी। झामुमो ने अपने कोटे के 13 जिलों और राजद के कोटे के एक जिले में अध्यक्ष के नामों का चयन लगभग कर लिया है। अब कांग्रेस ने भी सूची तैयार कर ली है जिसके बाद कहीं कोई रुकावट नहीं है।





