धनबाद।कोलकाता से जम्मूतवी जाने वाली ट्रेन का तीसरा रैक 11 अक्टूबर से आज सोमवार से एलएचबी हो जाएगा। मतलब पुराने नीले रंग की ट्रेन अब लाल रंग की हो जाएगी।कोलकाता से 11 और जम्मूतवी से 13 अक्टूबर से ये बदलाव देखने को मिलेगा।एलएचबी कोच के साथ ट्रेन चलते ही इसके स्लीपर कोच कम हो जाएंगे। पुरानी ट्रेन में 11 स्लीपर कोच जुड़ते हैं जबकि एलएचबी में 10 ही जुड़ेगे। लिहाजा, स्लीपर एस-11 के यात्रियों को दूसरे कोच में एडजस्ट कराया जाएगा। इसलिए ट्रेन पर सवार होने से पहले नई सीट की जानकारी ले लेना बेहतर होगा ताकि बीच सफर की परेशानी से बचा जा सके। एक सेकेंड सीटिंग का कोच भी हटेगा और उसके यात्रियों को भी दूसरे कोच में शिफ्ट कराया जाएगा। पुराने पारंपरिक कोच की तुलना में एलएचबी कोच की हर श्रेणी में सीटें ज्यादा रहती है। इस वजह से यात्रियों को दूसरी सीट में एडजस्ट कराने में ज्यादा परेशानी नहीं होगी। हालांकि स्लीपर में लोअर और साइड लोअर पसंद करने वाले यात्रियों की सीटें बदल सकती हैं।



यात्रियों को ज्यादा असुविधा न हो इसके लिए रेलवे यात्रियों को मोबाइल पर एसएमएस भी भेजा जा रहा है।जिन यात्रियों ने आरक्षण फार्म में नंबर दिया है, उनको तो घर बैठे ही जानकारी मिल जाएगी लेकिन जो किसी कारण सही नंबर नहीं डाला है, उनको मोबाइल पर पीएनआर स्टेटस चेक करना होगा।



आपको बता दें कि कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस आम यात्रियों के साथ-साथ वैष्णोदेवी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए इस रूट की अकेली और सीधी ट्रेन है। अब इस ट्रेन में एलएचबी कोच जुड़ने से यात्रियों का सफर पहले से कही ज्यादा आरामदेह हो गया है। रेलवे का मानना है कि इससे यात्रियों को पहले से ज्यादा सुरक्षित सफर भी मिल सकेगा क्योंकि पुरानी नीले रंग की ट्रेनों की तुलना में एलएचबी कोच ज्यादा सुरक्षित होते हैं। हर कोच में ज्यादा यात्रियों की संख्या के साथ ही ट्रेन की अधिकतम गति भी बढ़ायी जा सकेगी।