गिरिडीह।झारखंड राज्य में हाथियों के हमले करने की घटना में लगातार बढ़ोतरी हो रही हैं।गिरिडीह के सरिया में हाथी ने दो लोगों को पटक कर मौत के घाट उतार डाला और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल है।इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश हैं। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों को लोगों ने घेरकर जोरदार विरोध दर्ज कराया।मरने वाले दोनों मजदूर थे। दोनों सामान खरीदने दुकान गए थे और इसी दौरान हाथी के हमले का शिकार हो गए।



प्राप्त जानकारी के अनुसार सरिया थाना क्षेत्र के अंबाडीह गांव में हाथियों के झुंड से बिछड़ा जंगली हाथी अंबाडीह गांव में घुस गया।हाथी ने अंबेडकर चौक में 45 वर्षीय रोहित दास और 32 वर्षीय सिकंदर दास को पटक कर मौत के घाट डाला। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।



दो लोगों की मौत से लोग आक्रोशित हो गए। स्थानीय लोगों की मानें तो घटना की सूचना वन विभाग और सरिया थाना को दी गई। लेकिन काफी देर बाद वन विभाग के कर्मी पहुंचे। आक्रोशित लोगों को शांत कराते हुए घटना पर अफसोस जताया। साथ ही विभागीय प्रावधान के अनुसार मुआवजे की राशि का 25 प्रतिशत एक एक लाख रुपया देने की आश्वासन दिया।शेष राशि का की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी पीड़ित के परिजनों को वन विभाग के द्वारा मुहैया करवाए जाने की बात कही गई। वहीं मौके पर पहुंची सरिया थाना की पुलिस ने पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।



ग्रामीण वन विभाग की लापरवाही से काफी आक्रोशित हैं। इधर घटना की सूचना पाकर आजसू के बगोदर विधानसभा नेता अनूप कुमार पांडे तथा स्थानीय मुखिया मनोज कुमार गुप्ता पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लेते हुए वन विभाग से उचित मुआवजे की मांग की। दोनों मृतक अपने-अपने घर के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। दोनों मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करते थे। मृतकों के परिवार की आर्थिक स्थिति काफी दयनीय है।