रांची।झारखंड में पंचायत चुनाव का बिगुल बजने वाला है।गांव की सरकार चुनने के लिए गांव के लोग बेताब है।राज्य में पंचायत चुनाव को लेकर तैयारी अंतिम चरण में हैं।मतदाता सूची के बाद अब सीटों को आरक्षित करने की प्रक्रिया पूरी हो गई है।पंचायत चुनाव का चुनाव चिह्न भी अधिसूचित हो गया है।पंचायत चुनाव के तारीख का ऐलान के लिए प्रस्ताव राज्यपाल को जल्द ही भेजा जाएगा।राज्यपाल के अनुमोदन के बाद पंचायत चुनाव का ऐलान हो जाएगा और पंचायत चुनाव जल्द कराया जाएगा।खासतौर पर त्यौहार, कोरोना संक्रमण को देखते हुए सही समय में चुनाव कराने के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।
सोमवार को राज्य निर्वाचन आयुक्त डीके तिवारी ने सभी उपायुक्तों व पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पंचायत चुनाव की तैयारियों की जानकारी ली।आयुक्त ने इस दौरान कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए और पंचायत चुनाव संबंधित सभी कार्यों को पर्व-त्योहारों से पूर्व पूरा करने के लिए कहा। हर जिले में पंचायत चुनाव से संबंधित वेबसाइट शुरू करने का निर्देश दिया है, ताकि महत्वपूर्ण जानकारी सुलभ हो सके।
राज्य निर्वाचन आयुक्त डीके तिवारी ने बताया कि हर जिले में करीब 20 बिंदुओं पर तैयारियां की जा रही हैं।खासकर फोटोयुक्त मतदाता सूची का काम जल्द पूरा करने के लिए कहा। शांतिपूर्ण चुनाव को लेकर भी पुलिस अधीक्षकों को कई निर्देश दिये गये और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती का भी खाका तैयार किया गया। चुनाव अधिकारियों एआरओ, आरओ की प्रतिनियुक्ति जल्द पूरी की जाएगी।
आपको बता दें कि कोरोना संक्रमण की वजह से झारखंड में पिछले साल पंचायत चुनाव नहीं हो सका।माना जा रहा है कि राज्य में कोरोना की स्थिति यूं ही नियंत्रण में रही तो दिसंबर या अगले साल जनवरी में राज्य में पंचायत चुनाव हो सकता है।





