शिकारीपाड़ा।दुमका के थाना शिकारीपाड़ा क्षेत्र दुमका-रामपुरहाट राष्ट्रीय उच्च पथ पर चायपानी के पास तीखे मोड़ पर पशुओं से लदा हुआ एक ट्रक सोमवार की सुबह तड़के पलट गया। ट्रक पलटने से खलासी मो.सत्तार समेत सात पशुओं की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची ने पुलिस ट्रक को जब्त कर थाने ले आई है। मृतक खलासी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है,जबकि मृत पशुओं को दफन करने की भी कार्रवाई पुलिस के स्तर से की गई।मृतक खलासी की पहचान थाना पहुंच कर उसके भाई ने की है।मृतक खलासी के भाई ने बताया कि वह पाकुड़ जिले का रहने वाला है। जबकि ट्रक चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया है।
इस मामले में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी सुशील कुमार ने कहा कि ट्रक बिहार के बांका जिले का है और व्यापारी भी वहीं का है।पशुओं को बिहार से पश्चिम बंगाल भेजा जा रहा था।तीन जीवित मवेशी भी मिले है जिसे फिलहाल ग्रामीणों के हवाले कर दिया गया है। कहा कि ट्रक पर कितने पशुओं को लादा गया था इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है।
आपकों बता दें कि बिहार समेत कई इलाकों से पशुओं की तस्करी का मार्ग शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र ही है। इसी इलाके से होकर पशुओं को पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश भेजा जाता है।





